दुर्ग, 13 सितंबर 2026। रानीतराई थाना क्षेत्र के ग्राम आशोगा में आपसी विवाद के दौरान सब्बल से हमला कर युवक की हत्या के मामले में घटना के बाद रानीतराई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भूपेन्द्र टंडन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त सब्बल भी बरामद कर जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर 2026 को ग्राम आशोगा में मृतक कमता कोसरे और आरोपी भूपेन्द्र टंडन के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने सब्बल से कमता कोसरे पर लगातार प्रहार कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही रानीतराई पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
वारदात के बाद शुरू हुई आरोपी की तलाश
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपी की पतासाजी शुरू की। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भूपेन्द्र टंडन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और विवेचना के दौरान घटना में प्रयुक्त एक सब्बल बरामद कर विधिवत जब्त किया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रानीतराई हुबलाल चंद्राकर, परिवीक्षाधीन उप निरीक्षक सुभाष चंद्र, आरक्षक क्रमांक 1247 पी. नागेश्वर राव तथा आरक्षक क्रमांक 1513 विजेन्द्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आमजन से अपील की है कि आपसी विवाद और झगड़ों को हिंसक रूप न दें तथा किसी भी परिस्थिति में कानून अपने हाथ में न लें। विवाद की स्थिति में शांतिपूर्ण समाधान का प्रयास करें और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हिंसा अथवा गंभीर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

