🔴होली पर सतर्क सुपेला पुलिस
दुर्ग, 03 मार्च 2026। होली पर्व के मद्देनज़र जारी सघन पेट्रोलिंग के बीच सुपेला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने वाले एक युवक को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक धारदार हथियार बरामद किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना सुपेला क्षेत्र में लक्ष्मी मार्केट तिरंगा बिल्डिंग के पास एक युवक द्वारा हाथ में धारदार हथियार लेकर आमजन को डरा-धमकाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
मौके पर आरोपी सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराकर दहशत फैलाने का प्रयास कर रहा था। पुलिस टीम ने सूझबूझ और सतर्कता दिखाते हुए घेराबंदी की और आरोपी को काबू कर गिरफ्तार कर लिया।
मामले में अपराध क्रमांक 348/2026 के तहत धारा 296, 115(1), 351(3) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
आरोपी: ओमप्रकाश सिन्हा (18 वर्ष), निवासी राजीव नगर, सुपेला, जिला दुर्ग।
जप्त सामग्री: एक धारदार हथियार।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुपेला निरीक्षक विजय यादव, सउनि अमर दास गंगेले, प्रधान आरक्षक गंगाराम रावत, आरक्षक अजीत यादव एवं आरक्षक दुर्गेश सिंह राजपूत की सक्रिय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील:
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

