जेल से छूटे युवक की चाकू से गोदाकर हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार, आपसी रंजिश बना कारण ,श्याम नगर कैंप 2 छावनी की घटना
भिलाई नगर 1 फरवरी । छावनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत श्याम नगर कैंप 2 में आज रात 7:00 बजे के करीब आपसी रंजिशवश जेल से छूटे युवक को मोहल्ले के ही चार युवकों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। छावनी पुलिस द्वारा शीघ्र कार्यवाही करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
नगर पुलिस अधीक्षक छावनी कौशलेंद्र पटेल ने बताया कि आज रात को 7:00 बजे के करीब श्याम नगर कैंप दो क्षेत्र में राकेश यादव के घर पर में बीनू साहू, जागेश्वर साहू, जितेंद्र साहू, विकेश साहू पहुंचे। चारों ही के द्वारा एक राय होकर राकेश यादव को घर से बाहर बुलाकर बात करने के बहाने करीब घर से 100 से 200 मीटर की दूरी पर ले गए और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर गोद दिया। जिसके कारण राकेश यादव की मौत हो गई। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। जिनमें से एक विकेश साहू को पुलिस के द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है । इस संबंध में पुलिस ने बताया कि विगत वर्ष बीनू साहू एवं राकेश यादव के मध्य विवाद हुआ था। इस विवाद के दौरान राकेश के द्वारा बीनू के ऊपर चाकू से हमला किया गया था। इसी मामले में राकेश यादव तीन-चार दिन पूर्व ही जेल से छूटकर घर आया था। जिसकी जानकारी होते ही आज मौका मिलने पर बीनू एवं उसके साथियों ने बदला लेने की नीयत से हमला किया जिसमें राकेश यादव की मौत हो गई।

