🔴थीम ‘रेडियो व आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’
रायपुर, 12 फरवरी 2026। प्रसार भारती एवं यूनेस्को के संयुक्त तत्वावधान में 13 फरवरी 2026 को विश्व रेडियो दिवस का अंतरराष्ट्रीय महत्व का आयोजन रायपुर में किया जाएगा। यह कार्यक्रम सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, प्रसार भारती और आकाशवाणी महानिदेशालय के सहयोग से आकाशवाणी रायपुर द्वारा आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा यूनेस्को के प्रतिनिधि, प्रसार भारती एवं आकाशवाणी के वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ भी कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।
इस वर्ष विश्व रेडियो दिवस 2026 की थीम ‘रेडियो और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस)’ निर्धारित की गई है। इस विषय के अंतर्गत रेडियो प्रसारण में एआई के नवाचारपूर्ण उपयोग, सामग्री निर्माण में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की भूमिका, श्रोताओं तक प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने के उपाय तथा तकनीकी और नैतिक चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान ऑडियो-विजुअल प्रस्तुतियां, परिचर्चा सत्र और विशेषज्ञ पैनल चर्चा आयोजित की जाएंगी। इन सत्रों का उद्देश्य रेडियो माध्यम को तकनीकी रूप से अधिक सशक्त, समावेशी और भविष्य के अनुरूप बनाना है।
उल्लेखनीय है कि विश्व रेडियो दिवस प्रतिवर्ष 13 फरवरी को मनाया जाता है। यह दिवस रेडियो की विश्वसनीयता, व्यापक पहुंच और समाज में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करता है।

