🛑 महिला सशक्तिकरण पर कठपुतली नाटिका का हुआ प्रस्तुतिकरण
भिलाई नगर 12 मार्च । अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य पर सेल रिफ्रेक्ट्री यूनिट, भिलाई (भारत सरकार का उपक्रम) में महिला दिवस का रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया गया । यह कार्यक्रम संयंत्र में कार्यरत महिलाओं (जिसमें अधिकारी,कर्मचारी एवं ठेका श्रमिक महिलाएँ) तथा संयंत्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के परिवार की महिलाओं द्वारा हर्षोल्लास के साथ मनाया गया ।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि ई.डी.(वर्क्स), भिलाई इस्पात संयंत्र की धर्मपत्नी श्रीमती पूनम कुमार ने किया । अपने स्वागत भाषण में श्रीमती पूनम कुमार ने सभी महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए संयंत्र परिवार के हर कार्यक्रम में बढ़-चढ़ कर सहयोग देनें एवं नारी शक्ति का सम्मान बनाये रखने की बात कही ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती वर्तिका शुक्ल ने की | श्रीमती शुक्ल ने महिला श्रमिकों का उत्साहवर्धन करते हुए बताया कि संयंत्र के भीतर का तापमान बहुत अधिक होता है और इतने गर्म तापमान में काम करना कोई आसान बात नही है | इस तरह के वातावरण में काम करते हुए अपने परिवार को संभालने का काम महिलायें बेहतर तरीके से कर रहीं है |

इस उपलक्ष्य पर महिला सशक्तिकरण पर एक कठपुतली नाटिका भी प्रस्तुत की गई जिसे महिलाओं द्वारा काफी पसंद किया गया | साथ ही महिलाओं द्वारा छत्तीसगढ़ी एवं शास्त्रीय नृत्य, भजन, गीत एवं कविता पाठ आदि प्रस्तुत किये गये । साथ ही चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गई थी | इसके बाद महिलाओं का लोकप्रिय खेल “हाउज़ी” भी खेला गया । इसके उपरान्त प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागियों के साथ-साथ उपस्थित सभी महिलाओं को मुख्य अतिथि के कर कमलों द्वारा पुरस्कार वितरित किये गये ।
मंच संचालन डॉ. प्रियंका दास ने किया । अंत में उन्होंने सभी उपस्थित महिलाओं को कार्यक्रम में आने के लिए एवं इकाई प्रमुख विशाल शुक्ल को यह कार्यक्रम आयोजित करवाने हेतु धन्यवाद दिया साथ में सहयोग करने हेतु आयोजनकर्ताओं को भी धन्यवाद प्रस्तुत किया |

