सीसीईटी भिलाई में महिला दिवस समारोह का आयोजन, महिलाओं के साथ होने वाली हिंसा को नाट्य रूप में किया प्रस्तुत
भिलाई नगर 10 मार्च । अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सीसीईटी भिलाई में एक समारोह का आयोजन किया गया था, जिसकी शुरुआत प्रशासनिक समन्वयक रेव. फादर फिलिप कुरुविला के आशीर्वचनो के साथ हुई। इसके पश्चात संस्था की प्राचार्या डॉ. दीपाली सोरेन द्वारा महिला दिवस के उद्देश्य और महत्व के बारे में संक्षिप्त में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की भूमिकाओं और उपलब्धियों को एक वीडियो के माध्यम से दिखाया गया, जिसके बाद क्रमशः शिखा अग्रवाल, लिंसी रोड्रिग्ज एवं अमृता बंजारे द्वारा सरकारी महिला कल्याण योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
डॉ. आर. एच. गजघाट द्वारा महिलाओं की विभिन्न विशेषताओं एवं हिंदू पौराणिक कथाओं में उनके विशेष महत्व को रेखांकित किया गया। डॉ. संध्या पिल्लई द्वारा हम सभी भारतियों की आदर्श स्वर्गीय लता मंगेशकर को एक गीत के माध्यम से श्रद्धांजलि दी गई। तत्पश्चात ऋचा साहू द्वारा प्रसिद्ध महिला व्यक्तित्वों पर एक प्रश्नोत्तरी प्रस्तुत की गई।
सीसीईटी के छात्रों ने महिलाओं पर होनेवाली हिंसा एवं उसके समाधान को नाट्य रुप में प्रस्तुत किया। दो छात्राएं प्रीति और सुल्ताना ने महिलाओं की शक्ति को प्रदर्शित करने वाले गीत गाए।
कार्यक्रम का समापन डॉ. अर्चना चौधरी के संबोधन के साथ हुआ। उन्होंने अपने संबोधन में नारीवाद को अच्छी रिती से परिभाषित किया। साथ ही वास्तविक नारीवाद क्या है, महिलाओं की शक्तियां क्या हैं, इसका उपयोग कैसे करें इस पर भी अपनी राय रखी और महिलाओं को इसका दुरुपयोग ना करने की सलाह भी दी।

