बच्चों के झगड़े में दो परिवार की महिलाएँ भिडी़ं, एक-दूसरे को जमकर कूटा, मामला फरीद नगर का
भिलाई नगर, 2 फरवरी। फरीद नगर में मंगलवार की शाम बच्चों के झगड़े में दो परिवार की महिलाएँ आपस में भिड़ गईं और जमकर मारपीट की। इस मामले में 37 वर्षीय राधिका चौहान की रिपोर्ट पर ममता के खिलाफ तथा 17 वर्षीय नेहा साव की रिपोर्ट पर राधिका चौहान के खिलाफ सुपेला पुलिस ने धारा 294, 323 व 506 के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
पुलिस ने बताया कि ताज बिरयानी के समीप स्थित मजार गेट के सामने फरीद नगर में मंगलवार की शाम 4 बजे सत्यम और प्रिंस खेल रहे थे तभी इनमें विवाद हो गया। तभी प्रिंस की मां ममता ने सत्यम को एक थप्पड़ मार झगड़ने से मना किया तभी सत्यम की मां राधिका पहुंची और ममता से गाली गलौज करने लगी। ममता ने उसे भी मार दिया। राधिका के हाथ, पीठ में चोट आई। इस दौरान ममता की बेटी नेहा बीचबचाव करने आई तो राधिका ने उसे पाईप से मारा। नेहा के होंठ और हथेली में चोट आई है। पड़ोसी सलीम के बीच बचाव के बाद महिलाएँ सुपेला थाना पहुँची और एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवायी है।

