पति का सिर फोड़ने वाले जेठ के खिलाफ महिला पहुंची थाना, जुर्म दर्ज
भिलाई नगर, 3 अगस्त। शराब पीने से मना करने पर पति का सिर फोड़ने वाले जेठ के खिलाफ महिला ने सुपेला थाना में अपराध दर्ज करवाया है। इस मामले में आरोपी सम्भगत सिंह जांगडे़ के खिलाफ धारा 294, 323, 506 के तहत जुर्म दर्ज किया गया है।
सुपेला थाना प्रभारी ने बताया कि खटिया पारा सुपेला निवासी तारिणी जांगडे़ (25 वर्ष) का पति राजकौशल लकड़ी फर्नीचर का काम करता है। बीती रात घर के सामने राजकौशल और उसके बडे़ भाई सम्भगत सिंह आपस में शराब पीने की बात को लेकर झगडा कर रहे थे। तारिणी जब बीचबचाव करने लगी तो जेठ सम्भगत ने गालियां देते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी। इस बीच सम्भगत ने हाथ मे पकड़े डण्डे से राजकौशल के सिर पर वार किया जिससे उसके सिर से खून निकलने लगा। पडो़सियों के बीचबचाव बाद सम्भगत मौके से फरार हो गया। राजकौशल को उपचार के लिए हास्पिटल ले जाने के बाद तारिणी ने थाना पहुंच एफआईआर दर्ज करवायी है।

