🔴महिला बाल विकास विभाग में सहायक ग्रेड-3 की नौकरी दिलाने का दिया था झांसा, पद्मनाभपुर पुलिस ने शुरू की जांच
दुर्ग, 28 अगस्त 2026। महिला बाल विकास विभाग में सहायक ग्रेड-3 के पद पर सरकारी नौकरी लगाने का झांसा देकर महिला से 3 लाख 90 हजार रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। प्रार्थिया की शिकायत पर पद्मनाभपुर पुलिस ने आरोपी अजाजुर रहिम कुरैशी के खिलाफ अपराध क्रमांक 0488/2026 दर्ज कर धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध कायम कर विवेचना में लिया है।
पुलिस के अनुसार, गया नगर वार्ड क्रमांक-04 दुर्ग निवासी श्रीमती लक्ष्मी नगर निगम दुर्ग में अरबन इनवाईरो वेस्ट मैनेजमेंट लिमिटेड कंपनी के माध्यम से पिछले करीब 8-9 वर्षों से कम्प्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं। इसी दौरान नगर निगम में कम्प्यूटर रिपेयरिंग का काम करने आने वाले अजाजुर रहिम कुरैशी से उनकी पहचान हुई।
आरोपी ने महिला को बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी उसके परिचित हैं और वह उसे विभाग में सहायक ग्रेड-3 के पद पर सरकारी नौकरी लगवा सकता है। इसके एवज में आरोपी ने 4 लाख रुपये की मांग की। नौकरी की चाह में महिला उसके झांसे में आ गई और अलग-अलग किश्तों में ऑनलाइन रकम देना शुरू कर दिया।
शिकायत के मुताबिक, महिला ने 2 जून 2025 से 10 अगस्त 2025 के बीच अपने बंधन बैंक खाते से फोन-पे के माध्यम से आरोपी को कुल ₹3,90,000 का भुगतान किया। भुगतान के बाद भी आरोपी ने न तो नौकरी लगवाई और न ही संबंधित अधिकारी से मुलाकात कराई। महिला द्वारा लगातार नौकरी के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी फोन और WhatsApp मैसेज के माध्यम से लगातार उसे अलग-अलग बहाने बनाकर गुमराह करता रहा।
प्रार्थिया ने शिकायत में बताया कि आरोपी द्वारा दी गई रकम में से ₹35,000 वापस किए गए, लेकिन शेष राशि वापस करने के बजाय उसे लगातार घुमाया जाता रहा। इसके अलावा आरोपी ने यह भी स्पष्ट नहीं किया कि नौकरी लगवाने के नाम पर रकम किस अधिकारी अथवा व्यक्ति को दी गई है।
नौकरी नहीं लगने और आरोपी के लगातार टालमटोल करने के बाद महिला को ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक के नाम लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा रकम वापस दिलाने की मांग की।
प्रार्थिया के आवेदन का अवलोकन करने पर पुलिस को प्रथम दृष्टया धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध घटित होना पाए जाने पर पद्मनाभपुर थाना में अपराध क्रमांक 0488/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी अजाजुर रहिम कुरैशी, निवासी सुभाष नगर दुर्ग, के खिलाफ अपराध कायम कर पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ के साथ रकम के लेन-देन और नौकरी लगाने के नाम पर किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

