CSPDCL में नौकरी का झांसा देकर 10 लाख की ठगी, महिला गिरफ्तार

CSPDCL में नौकरी का झांसा देकर 10 लाख की ठगी, महिला गिरफ्तार



दुर्ग, 19 मार्च 2026। सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाली महिला को पदमनाभपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने Chhattisgarh State Power Distribution Company Limited में AE (असिस्टेंट इंजीनियर) पद पर फर्जी नियुक्ति दिलाने का झांसा देकर 10 लाख रुपये की ठगी की थी।
पुलिस के अनुसार, भिलाई सेक्टर-07 निवासी पायल (29 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई कि 2 अगस्त 2023 को महाराजा चौक स्थित एक दुकान में उसकी मुलाकात प्रिया देशमुख से हुई। आरोपी ने CSPDCL में नौकरी दिलाने के नाम पर कुल 20 लाख रुपये की मांग की, जिसमें से 10 लाख रुपये अग्रिम ले लिए।
इसके बाद आरोपी ने अपने सहयोगी रजत गुप्ता से मिलवाया, जिसने खुद को मंत्रालय में कार्यरत बताते हुए भरोसा दिलाया। नवंबर 2023 में रायपुर सर्किट हाउस में पीड़िता को AE पद का फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भी दिया गया।
शिकायत के बाद थाना पदमनाभपुर पुलिस ने धारा 420, 467, 468 और 120(बी) भादवि के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी प्रिया देशमुख को चिन्हित कर 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
फर्जी दस्तावेज से रची गई साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने सुनियोजित तरीके से फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कर धोखाधड़ी को अंजाम दिया। मामले में दस्तावेजी साक्ष्य जब्त किए गए हैं, जबकि अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे मांगने वाले लोगों से सतर्क रहें और किसी भी प्रकार का लेन-देन करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें।