सुपेला से महिला दो बच्चों समेत लापता, अपहरण की आशंका, FIR दर्ज

सुपेला से महिला दो बच्चों समेत लापता, अपहरण की आशंका, FIR दर्ज


भिलाईनगर, 17 अगस्त 2026। सुपेला थाना क्षेत्र की कॉन्ट्रेक्टर कॉलोनी से एक महिला अपने दो बच्चों समेत संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। महिला के पति ने रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर तलाश के बाद पुलिस को सूचना दी। अपहरण की आशंका जताए जाने पर सुपेला पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 140(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार महबूब खान (40 वर्ष), निवासी कॉन्ट्रेक्टर कॉलोनी वार्ड नंबर 18 ने 16 अगस्त को थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि उसकी पत्नी तरन्नुम खान (29 वर्ष) अपने बेटे आयान खान (7 वर्ष) और बेटी आफरीन खान (6 वर्ष) के साथ 14 अगस्त को दोपहर करीब 1 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई।

महबूब खान ने पत्नी और दोनों बच्चों की रिश्तेदारों के अलावा उनके रुकने तथा आने-जाने वाले संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद 16 अगस्त को सुपेला थाने में गुम इंसान क्रमांक 120/2026 दर्ज कराया गया।

गुम इंसान की तलाश के दौरान पति ने आशंका जताई कि उसकी पत्नी और दोनों बच्चों को किसी अज्ञात व्यक्ति ने अपहरण या बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। मामले की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने प्रथम दृष्टया अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपराध क्रमांक 1188/26 दर्ज कर बीएनएस की धारा 140(3) के तहत विवेचना शुरू की है।

महिला का हुलिया

पुलिस के अनुसार लापता तरन्नुम खान की ऊंचाई करीब 5 फीट, चेहरा लंबा, बाल काले, रंग सांवला और शारीरिक स्थिति सामान्य है। वह सलवार-सूट तथा काले रंग का बुर्का पहने हुई थी। महिला ने कक्षा 10वीं तक पढ़ाई की है और हिंदी, छत्तीसगढ़ी तथा उर्दू भाषा बोलती है। वह घरेलू कार्य करती है और अपने साथ मोबाइल फोन रखती थी।

सुपेला पुलिस ने मामले की जानकारी डीसीआरबी शाखा दुर्ग को भेज दी है। पुलिस महिला और दोनों बच्चों की तलाश के साथ ही उनके लापता होने की परिस्थितियों की जांच कर रही है।