पत्नी और देवर पर चाकू से हमला, पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

पत्नी और देवर पर चाकू से हमला, पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज



भिलाईनगर, 26 जून 2026। भिलाई में पारिवारिक विवाद और अवैध संबंधों के शक के चलते एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी और रिश्ते में देवर लगने वाले युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
छावनी पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, महिला नगर निगम भिलाई में कार्यरत है। गुरुवार 25 जून 2026 की शाम वह अपने पति अजय के साथ मोटरसाइकिल से इलाज कराने पावर हाउस स्थित एक निजी अस्पताल जा रही थी। शाम करीब 6 बजे दोनों जीई रोड स्थित अल्ताफ वर्कशॉप के सामने पहुंचे थे।
इसी दौरान महिला का रिश्ते में देवर लगने वाला युवक रोहित सड़क पर पैदल जाता दिखाई दिया। शिकायत में बताया गया है कि महिला का पति अजय लंबे समय से पत्नी और रोहित के बीच गलत संबंध होने का शक करता था।
रोहित को देखकर अजय ने मोटरसाइकिल रोक दी और अपने पास रखे चाकू से उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि अजय ने जान से मारने की नीयत से रोहित के पेट में चाकू मारकर गंभीर चोट पहुंचाई।
जब महिला ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपी ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसके बाएं हाथ की कोहनी के पास चोट आई।
घटना के बाद घायल रोहित को तत्काल उपचार के लिए शासकीय अस्पताल सुपेला ले जाया गया, जहां उसे भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।