सिविक सेंटर में कौन लहरा रहा था पिस्टल……! जांच में जुटी पुलिस
भिलाई नगर, 2 जून। कल रात एक कार चालक खिड़की से हाथ बाहर निकाल पिस्टल लहराता सिविक सेंटर में घूमता रहा। पिस्टल असली थी या नकली यह लोगों को जानकारी नहीं थी मगर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम जब तक मौके पर पहुंची कार वहां से जा चुकी थी। फुटेज के आधार पर कार का नंबर ट्रेस कर उसके मालिक तक पहुंची पुलिस ने बारहवीं के एक छात्र को पूछताछ के लिए थाना बुलाया है।
इस घटना के संबंध में पता लगा है कि एसयूवी कार सीजी 07 एएक्स 4283 में कल रात चार लड़के सिविक सेंटर पहुंचे थे। रात लगभग साढे दस बजे कार हरिराज होटल के सामने से गुजरी। गाड़ी चालक के एक हाथ में पिस्टल था। ड्राइवर हाथ गाड़ी से बाहर निकालकर पिस्टल को हवा में लहराते हुए जा रहा था। यह पिस्टल नकली था या असली इस बात की पुष्टि तो नहीं हो पाई लेकिन इससे लोग जरूर दहशत में आ गए थे। सिविक सेंटर में पुलिस की नाक के नीचे खुलेआम पिस्टल लहराते युवक को देखकर लोग दहशत में आ गए। इसी दौरान किसी ने युवक का ये कारनामा अपने कैमरे में कैद कर लिया और एसपी दुर्ग को भेज दिया। जैसे ही पुलिस को इसकी जानकारी हुई हड़कंप मच गया।
भिलाई नगर पुलिस ने इस मामले में आज जानकारी दी कि कार ट्रेस कर उसे जब्त कर लिया गया है। 12वीं में पढ़ने वाले युवक की पहचान हुई है। वह पेपर देने गया है। वहां से लौटने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी। पुलिस का दावा है कि वह जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी। कुछ संदेहियों से पूछताछ भी की जा रही है।

