सेक्टर-7 में जलापूर्ति संकट दूर, मुख्य पाइपलाइन की मरम्मत हुई पूरी

सेक्टर-7 में जलापूर्ति संकट दूर, मुख्य पाइपलाइन की मरम्मत हुई पूरी


🔴नगर निगम, BSP व पार्षद राजू के संयुक्त प्रयास से समाधान, कल से सामान्य होगी जलापूर्ति

भिलाईनगर, 13 सितंबर 2026। दशहरा मैदान, सेक्टर-7 हाई स्कूल के पास मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से रविवार सुबह क्षेत्र में जलापूर्ति बाधित हो गई थी। अचानक उत्पन्न हुई समस्या को दूर करने के लिए नगर पालिक निगम भिलाई और भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के अमले ने युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू किया। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त मुख्य पाइपलाइन की मरम्मत पूरी कर ली गई।

जलापूर्ति व्यवस्था बहाल करने में स्थानीय पार्षद एवं नगर निगम भिलाई के खाद्य, लोक स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विभाग के अध्यक्ष लक्ष्मीपति राजू ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। निगम और BSP प्रबंधन के बीच समन्वय के चलते पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य तेजी से पूरा किया जा सका। पार्षद लक्ष्मीपति राजू ने कहा कि कल से जलापूर्ति पूर्व की भांति सामान्य रूप से जारी रहेगी।

BSP अधिकारियों के प्रयास से मिला सहयोग

जलापूर्ति समस्या के समाधान में भिलाई इस्पात संयंत्र की ओर से उप महाप्रबंधक सुनील क्षीर सागर एवं किशोर झा के प्रयास भी महत्वपूर्ण रहे। BSP प्रबंधन और नगर निगम के सहयोग एवं समन्वय से मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद अब सेक्टर-7 में कल से जलापूर्ति सुचारु रूप से शुरू होने की उम्मीद है।

क्षेत्रवासियों को राहत

अचानक जलापूर्ति बाधित होने से सेक्टर-7 के रहवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पाइपलाइन की मरम्मत पूरी होने के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है। पार्षद लक्ष्मीपति राजू ने जलापूर्ति बाधित होने से हुई असुविधा के लिए क्षेत्रवासियों से खेद जताते हुए समस्या के समाधान में सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए नगर निगम, BSP प्रबंधन और जनप्रतिनिधियों के बीच इसी तरह समन्वय के साथ कार्य किया जाएगा।