भिलाई नगर, 7 अक्टूबर। सोशल मीडिया पर एक सप्ताह से बच्चा चोर गिरोह को लेकर फैली अफवाह के दुष्परिणाम की खबरें आने लगी हैं। लोग गली मोहल्ले में हर अनजान शख्स को शंका की निगाह से देखते हुए मारपीट करने उतारू हैं।
कल दुर्ग जिले के भिलाई-3 चरोदा क्षेत्र में बच्चा चोरी की अफवाह के चलते तीन साधुओं की पिटाई करने के बाद अब एक मानसिक रोगी को पीटने का वीडियो सामने आया है।
यह मामला उतई थाना क्षेत्र के मचांदुर चौकी अंतर्गत खोपली डी पारा गांव का है।
यहां कुछ युवक मानसिक रोगी को दौड़ा-दौड़ा कर पीट रहे हैं। मचांदुर चौकी प्रभारी श्याम सिंह नेताम ने बताया कि बीती शाम 5 बजे के करीब उन्हें सूचना मिली थी खोपली डी पारा गांव में कुछ लोग एक शख्स को पीट रहे हैं, जब पुलिस वहां पहुंची तो पता चला कि कुछ लोगों ने बच्चा चोरी का आरोप लगाकर एक मानसिक रूप से विक्षिप्त की पिटाई कर दी है। पुलिस ने विक्षिप्त को गाड़ी में बिठाकर अस्पताल लाया, वहां उसका इलाज हुआ। शख्स को चौकी में रखा गया फिर जिला अस्पताल दुर्ग से राज्य मानसिक चिकित्सालय सेंदरी बिलासपुर भेजा जा रहा है।

