सीजी न्यूज आनलाईन डेस्क, 24 मई। कोरबा जिले में वरिष्ठ पत्रकार रहे विश्वेश्वर शर्मा की धर्मपत्नी जानकी शर्मा का बंद कमरे में शव मिला है। बताया जा रहा है कि जानकी शर्मा क्वार्टर नंबर 569 में अकेले रहती थीं और गुरुवार शाम को उन्हें कॉलोनी में घूमते हुए देखा गया था।
उसके बाद सुबह से जब CSEB कॉलोनी स्थित उनके घर का दरवाजा नहीं खुला और उन्होंने फोन भी नहीं उठाया तब पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस टीम के काफी प्रयास के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो दरवाजा तोड़ भीतर प्रवेश करने पर जानकी मृत हालत में मिली हैं। पड़ोसियों ने बताया कि सुबह जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो संदेह के आधार पर सिविल लाइन पुलिस को जानकारी दी गई थी। पुलिस ने जब दरवाजा तोड़ा तो जानकी शर्मा की लाश पड़ी मिली। जानकी शर्मा गुरुवार रात 9 बजे खाना खाने के बाद कॉलोनी में टहल रही थीं। ऊपर क्वार्टर में रहने वाली पड़ोसी को उसने फोन भी किया था लेकिन वह भी सो जाने के कारण फोन नहीं उठा पाई। पड़ोसी महिला ने बताया कि सुबह जब वह उठी तो उसने रिटर्न कॉल किया, लेकिन कई बार कॉल करने के बाद भी जब फोन नहीं उठा और घर का दरवाजा नहीं खुला तो उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई और आसपास कॉलोनीवासी को जानकारी देने पर सभी एकत्रित हो गए। भीतर प्रवेश करने पर जानकी बिस्तर पर मृत हालत में कुर्सी से टिकी हुईं मिली।

गौरतलब हो कि जानकी वरिष्ठ पत्रकार विश्वेश्वर शर्मा की धर्मपत्नी थीं। विश्वेश्वर का कोरोना काल में निधन होने के बाद जानकी शर्मा अकेले घर में रहा करतीं थीं।

