गाली देने से मना करने पर वेटर का सिर फोड़ हुआ फरार, भिलाई नगर पुलिस ने किया जुर्म दर्ज
भिलाई नगर, 22 दिसंबर। गाली गलौज करने से मना करने पर नाराज युवक लोहे की पाईप लेकर लौटा और आग ताप रहे वेटर से मारपीट करते हुए सिर फोड़ दिया। डायल 112 टीम ने घायल लड़के को सुपेला शासकीय अस्पताल पहुँचाया है। भिलाई नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जुर्म दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
पुलिस ने बताया कि शिवपारा के राजू काजू डेयरी के पास रूआबांधा बस्ती निवासी 19 वर्षीय गौतम देशलहरे पेशे से वेटर है। वह कल रात परिवार के साथ कुंदरापारा जयस्तंभ के पास आग तापने गया था। वहीं शोएब खान, नरेन्द्र महारा भी आग ताप रहे थे। तभी रूआबांधा निवासी अनीस बंजारे को शोएब से अकारण गाली गलौज करते देख गौतम ने मना किया तो वह गालियां देते चला गया। कुछ देर बाद अनीस आया और गौतम को लोहे की पाईप से मारने लगा। गौतम का सिर फूटा और चेहरे में भी चोट आई है। बीचबचाव कर लोगों ने डायल 112 को सूचना दी तो आरोपी भाग निकला। सुपेला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गौतम की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ धारा 294, 323, 506 के तहत जुर्म दर्ज किया गया है।

