सीजी न्यूज ऑनलाइन 25 जनवरी । नेशनल हाईवे पर लगातार हो रही लापरवाहियों और नियमों के उल्लंघन के चलते सड़क हादसों की संख्या में इजाफा हो रहा है। शुक्रवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई और 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पहली घटना बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर भोजपुरी टोल प्लाजा के पास हुई, जहां ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर में ग्राम बावली निवासी देवेंद्र साहू उर्फ सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए, और शेषनारायण कौशिक, गिरिराज ठाकुर और राजू निर्मलकर गंभीर रूप से घायल हो गए। शेषनारायण के दोनों हाथ और गिरिराज के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। घायलों का इलाज बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि टोल प्लाजा के पास सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े ट्रकों के कारण हादसे होते हैं। ढाबों में पार्किंग की व्यवस्था न होने, पेट्रोलिंग टीम व स्थानीय पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने के चलते दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।
दूसरी घटना बिलासपुर-अंबिकापुर नेशनल हाईवे के लिमतरा गांव में हुई। बगदेवा टोल प्लाजा से टोल टैक्स बचाने के चक्कर में तेज रफ्तार ट्रेलर चालक ने वाहन को गांव के रास्ते मोड़ दिया। अनियंत्रित ट्रेलर मकान में घुस गया, जिससे दीवार गिरने के कारण चार साल की सौम्या की मौत हो गई। परिवार के अन्य सदस्य रामबहादुर टेकाम, समय कुंवर ज्योति, और सौरभ – गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने बगदेवा टोल प्लाजा के पास चक्काजाम कर दिया। उन्होंने पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा, मकान का पुनर्निर्माण और घायलों का इलाज निजी अस्पताल में कराने की मांग की। पुलिस के समझाने और शासन द्वारा 25 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता देने के बाद ग्रामीण शांत हुए। पुलिस ने ट्रेलर चालक संदीप पोर्ते को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।

