सीजी न्यूज आनलाईन डेस्क, 09 फरवरी। एक मोबाइल व्यापारी की बेरहमी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें आरोपियों ने पहले कारोबारी को बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया फिर उस पर जमकर लात-घूंसे बरसाए हैं। बताया जा रहा है कि शराब के लिए रूपये मांगने पर यह विवाद हुआ। मामला राजधानी रायपुर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के महावीर नगर का है। पीड़ित व्यापारी मनीष राजपाल ने थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
मनीष ने पुलिस को बताया कि उसकी रायपुर अमलीडीह में मोबाइल की दुकान है। रितिक रोचलानी और उत्तम रोचलानी ने उसे सुबह लगभग साढ़े 5 बजे महावीर नगर के राम रामा रेसीडेंसी के पास मिलने बुलाया और कहा कि वो उसे मोबाइल का डिब्बा और बिल वापस करेंगे। मनीष वहां पर अपने दोस्त श्रेय शर्मा के साथ पहुंचा। जहां दोनों आरोपी रितिक और उत्तम ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की फिर उसका कॉलर पकड़ लिया। तभी एक आरोपी ने बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया और उसे मारते हुए कहा कि तू मुझे अंदर करवाएगा। आरोपी मारपीट करते हुए उसके जेब और कपड़ों को चेक कर रहे थे। मनीष का आरोप है कि आरोपी उससे शराब के लिए रूपये मांग रहे थे और मना करने पर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस मामले में शामिल आरोपी आदतन अपराधी बताए जा रहे हैं।
राजेंद्र नगर पुलिस ने बताया कि आरोपी उत्तम रोचलानी आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ आमानाका और डीडी नगर थाना में लूट समेत अन्य अपराध दर्ज हैं। पुलिस ने एक आरोपी रितिक रोचलानी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उत्तम फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।

