Vande Bharat Sleeper : अब रात का सफर होगा शानदार!

Vande Bharat Sleeper : अब रात का सफर होगा शानदार!


🔴50 नई स्लीपर ट्रेनें जल्द, हर ट्रेन में 24 कोच

सीजी न्यूज ऑनलाइन 19 अगस्त 2026। भारतीय रेलवे लंबी दूरी के यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी लेकर आया है। जल्द ही 50 नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें शुरू की जाएंगी। इन ट्रेनों में 24 कोच होंगे, जिससे लंबी दूरी के रूट्स पर सीटों की संख्या काफी बढ़ जाएगी।
Vande Bharat Sleeper Train: भारतीय रेलवे लंबी दूरी के यात्रियों के लिए अपनी प्रीमियम ट्रेन सेवाओं का विस्तार करने की तैयारी में है। चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) को 50 नई Vande Bharat Sleeper ट्रेनसेट तैयार करने का जिम्मा दिया गया है। खास बात यह है कि इन नई ट्रेनों में 16 की जगह 24 कोच होंगे। इससे एक ट्रेन में करीब डेढ़ गुना ज्यादा यात्री सफर कर सकेंगे।

50 नई Vande Bharat Sleeper ट्रेनें होंगी तैयार

Vande Bharat Express अब तक मुख्य रूप से दिन में चलने वाली चेयर कार सेवा के लिए जानी जाती रही है। लंबी दूरी और रात के सफर के लिए यात्रियों की ओर से स्लीपर ट्रेनों की मांग लगातार बढ़ती रही है। इसी को देखते हुए रेलवे Vande Bharat Sleeper का नेटवर्क बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

ICF चेन्नई में इन 50 नए ट्रेनसेट का निर्माण किया जाएगा। नई ट्रेनों को लंबी दूरी के रूट पर चलाने की योजना है, जिससे रात के सफर में यात्रियों को तेज और आधुनिक स्लीपर ट्रेन की सुविधा मिल सके।

24 कोच वाली ट्रेन में ज्यादा यात्री

नई Vande Bharat Sleeper ट्रेन में 24 कोच होंगे, जबकि फिलहाल चल रही स्लीपर सेवा में 16 कोच हैं। ज्यादा कोच होने के कारण नई ट्रेन की यात्री क्षमता भी काफी बढ़ जाएगी। रिपोर्ट के मुताबिक, 24 कोच वाली ट्रेन मौजूदा 16 कोच वाली ट्रेन की तुलना में करीब 1.5 गुना अधिक यात्रियों को सफर करा सकती है।

ICF के महाप्रबंधक मनीष अग्रवाल के मुताबिक, स्वदेशी 24-कोच Vande Bharat Sleeper ट्रेनसेट के प्रोडक्शन ड्रॉइंग तैयार हो चुके हैं। इनमें कोच की संरचना, कोचों को आपस में जोड़ने वाले सिस्टम और कोच के नीचे लगाए जाने वाले उपकरणों से जुड़ी तकनीकी जानकारी शामिल है।

कोच की फाइनल संरचना अभी तय नहीं

रेलवे ने अभी नई 24-कोच Vande Bharat Sleeper की अंतिम कोच संरचना आधिकारिक तौर पर घोषित नहीं की है। हालांकि, रिपोर्ट्स में संभावित कॉन्फिगरेशन की जानकारी सामने आई है। इसके अनुसार ट्रेन में 17 AC 3-Tier, 5 AC 2-Tier, एक AC First Class और एक Pantry Car हो सकती है। अंतिम फैसला भारतीय रेलवे की ओर से लिया जाएगा।

अभी Howrah-Kamakhya रूट पर चल रही स्लीपर सेवा

फिलहाल देश में Vande Bharat Sleeper सेवा Howrah-Kamakhya रूट पर संचालित हो रही है। मौजूदा ट्रेन में कुल 16 कोच हैं, जिनमें 11 AC 3-Tier, 4 AC 2-Tier और एक AC First Class कोच शामिल हैं।

नई 24-कोच ट्रेनों के आने के बाद रेलवे को अधिक लंबी दूरी वाले रूट पर Vande Bharat Sleeper शुरू करने का मौका मिलेगा। इससे यात्रियों को रात के सफर में बेहतर सुविधा और ज्यादा विकल्प मिल सकते हैं।