फेक मैरिज पार्टी पर बवाल, ग्रामीणों के विरोध के बाद दुर्ग पुलिस का एक्शन

फेक मैरिज पार्टी पर बवाल, ग्रामीणों के विरोध के बाद दुर्ग पुलिस का एक्शन


🔴हिंदू विवाह संस्कार के अपमान की आशंका से भड़के ग्रामीण, मैनेजर के खिलाफ कार्रवाई

दुर्ग, 27 मई 2026। दुर्ग जिले के जेवरा सिरसा क्षेत्र स्थित कोसी रिसोर्ट में आयोजित तथाकथित “फेक मैरिज पार्टी” को लेकर रविवार रात बड़ा विवाद खड़ा हो गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस तरह का आयोजन हिंदू विवाह संस्कार का मजाक उड़ाने और धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला है। देखते ही देखते मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए और रिसोर्ट प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताने लगे।

रिसोर्ट में बढ़ा तनाव, पुलिस को संभालनी पड़ी स्थिति

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां ग्रामीणों और रिसोर्ट मैनेजर पांडे के बीच तीखी बहस और तनाव की स्थिति बनी हुई थी। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन माहौल लगातार गरमाता जा रहा था। स्थिति बिगड़ने और कानून व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका के चलते पुलिस को तत्काल कार्रवाई करनी पड़ी।

रिसोर्ट मैनेजर पर पुलिस की कार्रवाई

मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस ने कोसी रिसोर्ट के मैनेजर पांडे के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इसके बाद आरोपी को एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई आवश्यक थी।

“मनोरंजन” के नाम पर धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़?

ग्रामीणों का कहना था कि विवाह जैसे पवित्र संस्कार को “फेक मैरिज पार्टी” के नाम पर मनोरंजन का हिस्सा बनाना समाज और संस्कृति दोनों के खिलाफ है। लोगों ने ऐसे आयोजनों पर सख्त रोक लगाने की मांग की है। घटना के बाद क्षेत्र में इस तरह की पार्टियों को लेकर नई बहस शुरू हो गई है।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आयोजन में सामाजिक और धार्मिक संवेदनशीलता का विशेष ध्यान रखें। पुलिस ने स्पष्ट कहा है कि ऐसा कोई भी कार्यक्रम, जिससे विवाद या तनाव की स्थिति पैदा हो, उस पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।