*बलवे में घायल की मौत के बाद थाने में हंगामा, परिजन बोले-आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई हो*


बलवे में घायल की मौत के बाद थाने में हंगामा, परिजन बोले-आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई हो 

भिलाई नगर, 1 मार्च। भिलाई-3 थाना अंतर्गत शीतलापारा हथखोज में कुछ दिन पहले दो पक्षों में हुई मारपीट में एक की मौत हो गई। व्यक्ति को गंभीर हालत में एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया था। सोमवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत के बाद आज सुबह बड़ी संख्या में परिजन भिलाई-3 थाना पहुंचे और जमकर हंगामा किया।

पुरानी भिलाई थाना प्रभारी विनय सिंह बघेल ने बताया कि इंजीनियरिंग पार्क शीतला पारा हथखोज में 22 फरवरी की दोपहर दो पक्षों में आपसी मतभेद के चलते मारपीट हुई थी। मारपीट में मोहम्मद इलियाज (50 वर्ष) के सिर में गहरी चोट आई थी। घटना के बाद भिलाई-3 पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मारपीट का काउंटर अपराध दर्ज किया था। अधिक चोट आने से इलियाज को भिलाई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उसकी हालत गंभीर बनी रहने से उसे रायपुर एम्स रेफर किया गया। एम्स में इलाज के दौरान 28 फरवरी की रात उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों मंगलवार सुबह थाने का घेराव कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

बताया गया कि शीतलापारा में एक फर्नीचर दुकान है। वहां पर एक व्यक्ति का मकान है। घटना के दिन घर के सभी लोग बाहर गए और वहां उनकी लड़की अकेले सो रही थी। इसका फायदा उठाकर मिराज (25 वर्ष) पेचकस मांगने के बहाने घर के पीछे के दरवाजे से घुसा था। इसी दौरान मनीष पाण्डेय व अन्य ने लड़की से दरवाजा खुलवाया। दरवाजा खोलते ही उन्होंने देखा कि मिराज पीछे के दरवाजे से भाग रहा। इस पर उन्होंने मिराज को पकड़ा और दो झापड़ मार दिया। थोड़ी देर बाद मिराज अपने पिता इलियाज और भाई सिराज (21 वर्ष) सहित 10-15 लड़कों को लेकर पहुंच गया। उन्होंने मिलकर मनीष पाण्डेय से गाली गलौज कर मारपीट की। इस पर मनीष ने अपने भाई रजनेश और प्रिंस पाण्डेय सहित अन्य को बुला लिया। इसके बाद दोनों पक्षों में लाठी डंडों से जमकर मारपीट हुई। इस मारपीट में इलियाज और दूसरे पक्ष से मनीष को अधिक चोटें आई थी।