दुर्ग 20 सितंबर । केंद्रीय जेल दुर्ग में एनडीपीएस मामले में विचाराधीन बंदी सुंदरजीत 26 वर्ष की आज मौत हो गई। आज सुबह 7:00 बजे के करीब अपने बैरक में बिस्तर के पास अचेत होकर गिर गया था। इसे इलाज के लिए जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया । जहां डॉक्टर ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मरच्यूरी में पहुंचे परिजनों के द्वारा जमकर बवाल किया गया। मृतक कोसा नगर सुपेला का रहने वाला था। पद्मनापुर पुलिस ने मर्ग कायम किया है।

इस संबंध में जेल अधीक्षक मनीष संभाकर ने बताया कि मृतक विचाराधीन बंदी दुर्ग जेल में विगत 10 माह 25 दिन से निरुद्ध था। गांजा तस्करी के आरोप में थाना पाटन क्षेत्र में पकड़ा था। एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई हुई थी। 26 अक्टूबर 2023 को दुर्ग जेल में निरुद्ध हुआ था। आज सुबह 6:15 बजे के करीब बैरक से बाहर आया था। 7:00 के करीब अपने बैरक में चला गया था । बिस्तर के पास अचेत होकर गिर गया जिसे तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया । मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है मृतक 26 साल का था। उसकी कोई मेडिकल हिस्ट्री भी नहीं है। मौत के कारण का खुलासा पीएम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा परंतु इस मामले में न्यायिक जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
दूसरी ओर जानकारी लगने के बाद काफी संख्या में परिजन मरच्यूरी दुर्ग पहुंचे थे। वहां उनके द्वारा जमकर बवाल किया गया । इस संबंध में मृतक के बुआ के लड़के राजन सागर ने बताया कि कुछ दिन पूर्व ही मृतक से उसकी बुआ मिलकर गई थी सब कुछ ठीक-ठाक था। उसने आरोप लगाया कि सुंदर जीत की मौत के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गई। उसकी मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है जिसकी जांच होनी चाहिए।

