ऑपरेशन विश्वास के तहत दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो फरार नशे के तश्कर गिरफ्तार

ऑपरेशन विश्वास के तहत दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो फरार नशे के तश्कर गिरफ्तार



दुर्ग, 09 जनवरी 2026। नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए दुर्ग पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन विश्वास” के तहत लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में दो अलग-अलग एनडीपीएस प्रकरणों में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इससे पूर्व इन मामलों में 13 आरोपियों एवं दो अपचारी बालकों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पहला मामला थाना खुर्सीपार क्षेत्र का है, जहाँ मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने आईटीआई ग्राउंड में घेराबंदी कर नशीली कैप्सूल व टैबलेट बेचने वाले आरोपियों को पकड़ा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 2044 नग नशीली कैप्सूल, बिक्री की नकद राशि, छह मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल एवं अन्य सामान जप्त किया था। इस प्रकरण में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। बाद में फरार आरोपी मोनू सिंह उर्फ मैना को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।


दूसरा मामला थाना पुरानी भिलाई क्षेत्र का है, जहाँ 26 दिसंबर 2025 को सिरसा भाठा मेहंदी बाड़ी के पास खड़ी एक हुंडई वरना कार में कुछ लोग सिंथेटिक हिरोइन (चिट्टा) का सेवन करते हुए रंगे हाथों पकड़े गए थे। पुलिस ने मौके से 10.7 मिलीग्राम चिट्टा, हुंडई वरना कार, नकद राशि सहित अन्य सामग्री जप्त की थी। इस प्रकरण में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। फरार आरोपी राज सिंह उर्फ शेरू को बाद में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
दोनों मामलों में कुल मिलाकर करीब 2.5 हजार नशीली कैप्सूल, 10.7 मिलीग्राम चिट्टा, एक कार, छह मोबाइल फोन सहित लगभग 10 लाख रुपये मूल्य की जप्ती की गई है। दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में लिप्त आरोपियों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।