अघोषित अहाता-पुलिस पहुंचते ही कई भागे, पकड़े गए शराबियों पर हुई कार्रवाई
भिलाई नगर, 2 फरवरी। शहर की शराब भट्ठी के आस-पास अनेक दुकान संचालक बैठक व्यवस्था कर शराबियों को पीने की सुविधा दे रहे हैं। एक ऐसे ही दुकान संचालक के खिलाफ जानकारी मिलने पर कल रात खुर्सीपार पुलिस ने दबिश दी तो वहाँ अफरा तफरी में कई शराबी भाग निकले। पुलिस ने जनरल स्टोर संचालक और शराबी के खिलाफ इस मामले में कार्रवाई की है।
खुर्सीपार थाना एसआई शिशुपाल चंद्रवंशी ने बताया कि मंगलवार की शाम मुखबीर की सूचना पर खुर्सीपार तिराहा अंग्रेजी शराब भट्ठी के पास दबिश दी गई तो कुछ लोग दुकान के पास शराब पी रहे थे। रेड कार्यवाही में आरोपी संदीप कुमार पिता सुदर्शन (29वर्ष) निवासी शहीद वीर नारायण सिंह नगर खुर्सीपार को शराब पीते हुये मिला। आरोपी के कब्जे से एक 180 एमएल शीशी मे अंग्रेजी गोवा विस्की शराब, डिस्पोजल गिलास, पानी पाउच मिला। ब्रीथ अल्कोहल डिटेक्टर मशीन से शराब पीने के संबंध में चेक किया गया। आरोपी जनरल दुकान के संचालक मोहम्मद हाफीज के द्वारा अपने दुकान के पास कुछ लोगो को बैठा कर शराब पिलाने की सुविधा मुहैया कराई गई थी। दुकान के पास शराब पीने वाले पुलिस को देखकर इधर उधर भाग गए। दुकान के संचालक मोहम्मद हाफीज पिता तसव्वर अली (35 वर्ष) निवासी पडडा प्राईड के पीछे खुर्सीपार गेट के पास शराब पिलाने के संबंध में कोई दस्तावेज लायसेंस नहीं मिला। हाफीज के कब्जे से 180 एमएल अंग्रेजी गोवा विस्की जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 2015 की धारा 36(च) के तहत कार्रवाई की गयी है।

