🔴दूसरा झुलसा, अस्पताल में इलाज जारी
दुर्ग, 12 सितंबर 2026। बोरी थाना क्षेत्र के लिटिया चौकी अंतर्गत मोहंदी मोड़ के पास शुक्रवार को तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो युवक उसकी चपेट में आ गए। हादसे में 30 वर्षीय गजराज साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संजय ठाकुर गंभीर रूप से झुलसकर घायल हो गए। घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर इलाके में मूसलाधार बारिश हो रही थी। करीब 12:30 बजे दोनों युवक दुर्ग-खैरागढ़ मुख्य मार्ग से गुजर रहे थे। बारिश तेज होने पर वे मोहंदी मोड़ के पास बांध के नजदीक एक पेड़ के नीचे बारिश से बचने के लिए खड़े हो गए।
इसी दौरान अचानक तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरी। बिजली की चपेट में आने से दोनों युवक बुरी तरह झुलसकर जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। लिटिया चौकी पुलिस मौके पर पहुंची तो गजराज साहू पिता गजानंद साहू की मौत हो चुकी थी, जबकि संजय ठाकुर घायल अवस्था में मिले।
घायल संजय का अस्पताल में इलाज जारी
मृतक गजराज साहू मोहंदी गांव का निवासी था। वहीं घायल युवक की पहचान संजय ठाकुर निवासी बुंदेली, जिला राजनांदगांव के रूप में हुई है। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से संजय को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत सामान्य बताई है।
पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पेड़ के नीचे खड़े होने के दौरान हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों युवक बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े हुए थे, इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से वे उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मोहंदी गांव में शोक का माहौल है। गजराज साहू की मौत की खबर से परिजनों और ग्रामीणों में मातम पसरा हुआ है।
पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद घटना की स्थिति और स्पष्ट होगी।

