दुर्ग भिलाई के दो युवकों ने बालोद में दिया लूट की घटना को अंजाम

दुर्ग भिलाई के दो युवकों ने बालोद में दिया लूट की घटना को अंजाम


🛑 दुर्ग से पकड़े गए दोनों लुटेरे

सीजी न्यूज ऑनलाइन 12 अप्रैल । बालोद घूमने गए दुर्ग एवं भिलाई के दो युवकों ने लूट की घटना को अंजाम दिया। लिफ्ट लेने वाले जगदलपुर शासकीय कॉलेज के एक प्रोफेसर पर चाकू टिककर ₹20000 लूट लिए। दोनों युवकों ने सुनसान जगह का लाभ उठाकर घटना को अंजाम दिया। आरोपियों ने चाकू से खरोंच मारकर मोबाइल का पासवर्ड खुलवाया और दुर्ग निवासी एक व्यक्ति के खाते में फोन पे से 1500 रुपये ट्रांसफर कर दिए।

तकनीकी साक्ष्यों और ट्रांजेक्शन की जांच के आधार पर दल्लीराजहरा पुलिस ने बालाजी नगर खुर्सीपार (भिलाई) निवासी राजा उर्फ रंजीत सिंह (32) और मीनाक्षी नगर बोरसी (दुर्ग) निवासी विक्की साहू (25) को 24 घंटे के भीतर दुर्ग से गिरफ्तार कर लिया है।

घर जा रहे थे प्रोफेसर

पूरा मामला 9 अप्रैल की रात करीब 10 बजे का है। जब कुसुमकसा निवासी प्रोफेसर प्रिंस जैन जगदलपुर से अपने घर लौट रहे थे। वे भानुप्रतापपुर होते हुए दल्लीराजहरा पहुंचे थे, लेकिन रात अधिक हो जाने और जल्द घर पहुंचने की हड़बड़ी में उन्होंने रास्ते में दुपहिया सवार दो युवकों से लिफ्ट मांग ली। लिफ्ट देने के बाद तीनों एक ही दो पहिया वाहन में सवार होकर आगे बढ़े और अरमुड़कसा के पास सुनसान खेत में लूट लिया।

भयभीत करने पत्थर से मारा और चाकू से खरोचा

सीएसपी डॉ. चित्रा वर्मा के मुताबिक सुनसान खेत में दोनों आरोपियों ने प्रोफेसर को चाकू दिखाकर 20 हजार रुपये नगद लूट लिए। इसके बाद मोबाइल का लॉक खोलने को कहा, लेकिन इनकार करने पर पीठ पर चाकू और सिर पर पत्थर से हमला किया। डर के मारे प्रोफेसर ने लॉक खोला, जिसके बाद आरोपियों ने मोबाइल से फोन पे के जरिए दुर्ग के एक व्यक्ति को 1500 रुपये ट्रांसफर कर दिए।

दोनों आरोपियों के खिलाफ दुर्ग के थानों में कई मामले दर्ज

दल्लीराजहरा टीआई टीएस पट्टावी ने बताया कि प्रोफेसर प्रिंस जैन जगदलपुर के शासकीय कॉलेज में पदस्थ हैं और घर जाने की जल्दबाजी में उन्होंने आरोपियों से लिफ्ट ले ली। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी दल्लीराजहरा घूमने आए थे। जिनमें से एक ने अपना ससुराल बालोद बताया है। दोनों ही आरोपी दुर्ग-भिलाई क्षेत्र के रहने वाले, नशे के आदी और आदतन अपराधी हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इनके खिलाफ पहले से कितने आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

मोबाइल लोकेशन और बैंक ट्रांजेक्शन से पकड़े गए

पीड़ित प्रोफेसर के मोबाइल की लोकेशन और बैंक ट्रांजेक्शन की जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 1500 रुपये का ट्रांजेक्शन दुर्ग निवासी सुनील मिश्रा के खाते में किया था। पूछताछ में सुनील ने बताया कि आरोपियों ने अग्रवाल मिष्ठान भंडार का QR कोड भेजकर उससे यह राशि वापस मंगवा ली थी। जब पुलिस मिष्ठान भंडार की जांच करने पहुंची, उसी दौरान एक आरोपी वहां से दुपहिया में गुजरता दिखा। जिसे पकड़ने के बाद पूरे मामले का खुलासा हो गया।

धारदार चाकू, दो पहिया वाहन और लूटे गए मोबाइल जब्त

एडिशनल एसपी मोनिका ठाकुर ने जानकारी दी कि घटना के संबंध में बीएनएस की धारा 209(6) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20,000 रुपये नगद, लूटा गया मोबाइल, एक धारदार चाकू और घटना में प्रयुक्त दो पहिया वाहन (क्रमांक CG04 LV 3061) जब्त की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।