भिलाई नगर, 12 सितंबर। कल हुई चोरी की सुपेला थाना में रिपोर्ट बाद पुलिस हरकत में आई। प्रार्थी ने अपने घर दीक्षित कालोनी कोसा नगर सुपेला से लाखों रूपये के जेवरात की चोरी के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराया था। उसकी पत्नी तीजा मनाने अपने मायके गई थी और वापस लौटी तो आलमारी देख दंग रह गई। उसके सोने चांदी के जेवरात कोई अज्ञात चोर चोरी कर ले गया था।

पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर संजय ध्रुव तथा नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर नसर सिद्धीकी के मार्गदर्शन में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं संपत्ति की शत् प्रतिशत बरामदगी के निर्देश दिये गए थे। जिस पर सुपेला पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल चोरों को चोरी के माल खपाने के पहले ही अपने शिकंजे में ले लिया है। मामला दर्ज करने उपरांत प्रार्थी की पत्नी के मायके जाने से लेकर मायके से वापस आने तक घर में आने जाने वाले लोगों के संबंध में पतासाजी की गई, जिसमें घर के नौकर के आलावा प्रार्थी के कुछ मित्रों का भी आना जाना पता चला। पुलिस ने आस-पास के सीसीटीव्ही कैमरों की भी पड़ताल की। जांच में प्रार्थी के दो मित्र संदेह के दायरे में आ गए। संदेह के आधार पर दोनों संदेहियों सचिन फुले एवं स्वलिंग फुले उर्फ चारू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी। आरोपियों द्वारा ना नुकुर किया जाता रहा है परन्तु सुपेला पुलिस के द्वारा अपने आप में पूर्ण युक्ति युक्त संदेह होने पर कड़ाई से पूछताछ करने से पुलिस के सामने दोनों ज्यादा देर नहीं टिक पाए और पांच लाख से ऊपर के सोने चांदी के गहने चोरी करना कबूल कर उसे बरामद कराया। एफआईआर के चंद घंटो में कोसा नगर सुपेला के ही आरोपी सचिन फुले एवं स्वलिंग फुले उर्फ चारू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड में जेल भेजा गया है। चोरी गई संपत्ति सोने चांदी के जेवरात कीमत 5,10,000 रूपये को सुपेला पुलिस द्वारा तत्परता दिखाते हुए बरामद किया गया।

