भिलाईनगर, 19 जून 2026। सुपेला थाना क्षेत्र के न्यू कृष्णा नगर वार्ड क्रमांक-08 में घर के बाहर खड़े दो वाहनों में अज्ञात व्यक्ति द्वारा आग लगा देने का मामला सामने आया है। घटना में एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार न्यू कृष्णा नगर निवासी अनुसुईया साहू टेलीकॉलिंग का कार्य करती हैं। उन्होंने बताया कि 17 जून 2026 की शाम काम से लौटने के बाद अपनी स्कूटी क्रमांक CG24T7589 को घर के बाहर सड़क किनारे खड़ी कर कमरे के अंदर चली गई थीं। रात करीब 10:30 बजे बारिश होने पर वह वाहन को ढकने बाहर आईं, तब स्कूटी सुरक्षित थी।
रात करीब 1:30 बजे नीचे रहने वाली पड़ोसी चंपा ने उन्हें सूचना दी कि उनकी स्कूटी में आग लगी हुई है। बाहर आकर देखने पर स्कूटी के साथ वहीं खड़ी मोटरसाइकिल क्रमांक CG07AQ7660 भी आग की चपेट में थी। आसपास के लोगों की मदद से दोनों वाहनों पर पानी डालकर आग बुझाई गई, लेकिन तब तक दोनों वाहन बुरी तरह जल चुके थे।
पीड़िता ने बताया कि घटना से उन्हें लगभग 30 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। मामले के प्रत्यक्षदर्शियों में पड़ोसी चंपा, उनके पति राजू लाल तथा आसपास के अन्य लोग शामिल हैं।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर सुपेला थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 0874/26 के तहत धारा 326(f) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

