दुर्ग जिले में दो दर्दनाक सड़क हादसे : अमलेश्वर में दो युवकों की मौत, 2 घायल

दुर्ग जिले में दो दर्दनाक सड़क हादसे : अमलेश्वर में दो युवकों की मौत, 2 घायल


🔴सुपेला में ट्रैक्टर से टकराकर दुपहिया सवार की गई जान, तेज रफ्तार और लापरवाही बनी हादसों की वजह

दुर्ग, 29 जून 2026। जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते दिनों जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दो गंभीर सड़क हादसों में कुल तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अमलेश्वर में बुलेट और मोपेड की आमने-सामने टक्कर, दो युवकों की मौत

अमलेश्वर थाना क्षेत्र में देर रात करीब 11 से 12 बजे के बीच हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार बुलेट और मोपेड की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही अमलेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में एक की पहचान यश शर्मा के रूप में हुई है, जबकि दूसरे मृतक और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

पुलिस प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का प्रमुख कारण मान रही है। साथ ही अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

सुपेला में सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से टकराई एक्टिवा, अधेड़ की मौत

दूसरा हादसा सुपेला थाना क्षेत्र के स्मृतिनगर चौकी इलाके में हुआ, जहां सड़क पर बिना संकेतक खड़े ट्रैक्टर से टकराने के कारण एक स्कूटी सवार की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार सुनील श्रीवास्तव (54 वर्ष) निवासी ओल्ड दीनदयाल कॉलोनी, जुनवानी 19 जून की सुबह अपनी एक्टिवा क्रमांक CG-07-W-5749 से घरेलू सामान लेने जुनवानी चौक गए थे। वापस घर लौटते समय चौहान पार्क व्यू के सामने बीएसबीके फार्म के पास उनकी एक्टिवा सड़क पर खड़े ट्रैक्टर क्रमांक CG-07-CK-6708 के पीछे जा टकराई।

हादसे में सुनील श्रीवास्तव के चेहरे और शरीर में गंभीर चोटें आईं। राहगीरों ने उन्हें तत्काल श्री शंकराचार्य अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि ट्रैक्टर चालक ने वाहन को सड़क पर बिना किसी चेतावनी संकेतक या सुरक्षा व्यवस्था के खड़ा किया था। इसी कारण दुर्घटना हुई।

ट्रैक्टर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज

मामले की जांच के बाद सुपेला पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कल शाम को अपराध क्रमांक 915/2026 दर्ज किया है। आरोपी चालक पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) और 285 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है।