🛑कांकेर में ACB की कार्रवाई, 20 हजार रुपये की पहली किश्त लेते रंगे हाथों पकड़े गए दोनों अधिकारी
सीजी न्यूज ऑनलाइन, 15 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आमाबेड़ा क्षेत्र में पदस्थ दो ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों Rural Agricultural Extension Officer (RAEO) 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों अधिकारियों ने नष्ट हुई फसल की बीमा राशि 90 हजार रुपये दिलाने के एवज में कुल बीमा राशि का 75 प्रतिशत रिश्वत के रूप में मांगा था।
मिली जानकारी के अनुसार, आमाबेड़ा तहसील के ग्राम आलनार निवासी सगाऊ राम कोमरा ने एंटी करप्शन ब्यूरो, जगदलपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी प्रवीण उर्फ रिंकू चंद्राकर और सुंदर लाल बच्छड़ उनसे फसल बीमा प्रकरण तैयार कर 90 हजार रुपये की बीमा राशि निकलवाने के बदले कुल राशि का 75 प्रतिशत मांग रहे थे।
शिकायत के सत्यापन के बाद बिछाया जाल
प्रार्थी रिश्वत देने के बजाय दोनों अधिकारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था। ACB ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद 14 अक्टूबर 2026 को ट्रैप की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान दोनों अधिकारियों को प्रार्थी से रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 20 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
ACB ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 और 12, संशोधित अधिनियम 2018 के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

