सीजी न्यूज ऑनलाइन, 07 मार्च 2026। होली के दौरान एक बेबस आवारा कुत्ते के साथ क्रूरता करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई मुंगेली जिले की चिल्फी थाना पुलिस ने की है।
जानकारी के अनुसार, कुछ युवकों द्वारा एक आवारा कुत्ते पर जबरन रंग स्प्रे कर उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना करने का मामला सामने आया था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई में जिले के पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में हरविंदर सिंह के नेतृत्व में चिल्फी थाना पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के नाम पर किसी भी प्रकार की क्रूरता या कानून-व्यवस्था से जुड़ी घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पशुओं के साथ अमानवीय व्यवहार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने भी इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई समाज में सकारात्मक संदेश देती है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी पशु के साथ क्रूरता की घटना सामने आने पर तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके।

