साइबर ठगी की रकम खपाने बैंक खाते देने वाले 2 म्यूल खाताधारक गिरफ्तार

साइबर ठगी की रकम खपाने बैंक खाते देने वाले 2 म्यूल खाताधारक गिरफ्तार


🔴कमीशन के लालच में पासबुक, एटीएम, चेकबुक और सिम कार्ड किए थे उपलब्ध; सुपेला पुलिस और एसीसीयू की कार्रवाई

भिलाईनगर, 06 सितंबर 2026। साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले म्यूल खाताधारकों के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। थाना सुपेला और एसीसीयू की टीम ने साइबर ठगी की रकम खपाने के लिए बैंक खाते एवं उनसे संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने वाले दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी 2 हजार से 15 हजार रुपये तक के कमीशन के लालच में बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और सिम कार्ड अन्य लोगों को उपलब्ध कराते थे।

पुलिस के अनुसार थाना सुपेला के अपराध क्रमांक 718/2026, धारा 317(2), 318(4), 3(5) बीएनएस की विवेचना के दौरान साइबर ठगी की रकम के लेन-देन एवं हस्तांतरण में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों की जांच की जा रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों के लेन-देन के विश्लेषण में दो आरोपियों की भूमिका सामने आई।

जांच में पता चला कि आरोपियों ने कमीशन के बदले अपने तथा अन्य व्यक्तियों के बैंक खातों से संबंधित पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और सिम कार्ड दूसरे लोगों को उपलब्ध कराए थे। इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त रकम को प्राप्त करने और अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करने के लिए किया गया।

कमीशन के बदले उपलब्ध कराते थे बैंकिंग सामग्री

पुलिस के मुताबिक आरोपी बैंक खातों को साइबर ठगों के लिए उपलब्ध कराकर ठगी की रकम के लेन-देन में मदद करते थे। इसके बदले उन्हें 2 हजार से 15 हजार रुपये तक कमीशन या प्रतिफल दिया जाता था। साइबर ठगी की रकम विभिन्न खातों में आने और ट्रांसफर होने के कारण इन खाताधारकों की भूमिका पुलिस जांच में सामने आई।

विवेचना के दौरान फरार आरोपियों की लगातार पतासाजी की गई। इसके बाद थाना सुपेला एवं एसीसीयू की टीम ने 6 सितंबर 2026 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्रवाई की।

ये आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने यशपाल सिंह उर्फ लक्की पाजी (38 वर्ष) निवासी रामनगर, नवनीत डेयरी के पीछे, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग तथा हेमत दास दखानी (50 वर्ष) निवासी बैंक ऑफ इंडिया के पीछे, सिंधी कॉलोनी, पानी टंकी के पास, तिल्दा, जिला रायपुर को गिरफ्तार किया है।

जांच में साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में प्रयुक्त बैंक खाते पंजाब नेशनल बैंक और इंडियन ओवरसीज बैंक, तिल्दा, जिला रायपुर से संबंधित पाए गए हैं। आरोपियों के कब्जे से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य संबंधित दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि कमीशन या किसी अन्य लालच में अपना बैंक खाता, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक या सिम कार्ड किसी अन्य व्यक्ति को उपयोग के लिए न दें। साइबर अपराधी ऐसे खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम के लेन-देन में कर सकते हैं, जिससे खाताधारक भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं।

पुलिस ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को अपने बैंक खाते अथवा बैंकिंग दस्तावेजों के गलत इस्तेमाल की जानकारी मिलती है तो तत्काल संबंधित बैंक, नजदीकी पुलिस थाना या साइबर पुलिस को सूचना दें।