गणतंत्र दिवस मनाने निकली DJ रैली में भिड़ गए दो गुट, जमकर चला लात घूंसा, जांच में जुटी पुलिस

<em>गणतंत्र दिवस मनाने निकली DJ रैली में भिड़ गए दो गुट, जमकर चला लात घूंसा, जांच में जुटी पुलिस</em>



सीजी न्यूज आनलाईन डेस्क, 27 जनवरी। गणतंत्र दिवस पर निकली DJ रैली में वर्चस्व की लड़ाई में युवकों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान पुलिसवालों के सामने एक गुट के युवकों ने लाठी-डंडे और लात-घूंसों से दूसरे पक्ष के युवकों की जमकर पिटाई कर दी। इस मामले में युवकों की पिटाई का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक लाठियां लहराते हुए मारपीट करते नजर आ रहे हैं और दूसरे पक्ष के युवक भागते दिख रहे हैं। पुलिस ने विवाद शांत कराते हुए दोनों पक्षों के युवकों को फटकार लगाई और DJ को जब्त कर कोलाहल अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। यह मामला बिलासपुर के चकरभाठा थाना क्षेत्र का है।


मिली जानकारी के अनुसार 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर खुशी जाहिर करते हुए युवकों ने जगह-जगह DJ के साथ बाइक रैली का आयोजन किया था। चकरभाठा में भी अलग-अलग गुट के युवकों ने DJ रैली निकाली थी। दोपहर करीब 12:30 बजे दोनों पक्षों की रैली नयापारा ओवरब्रिज के पास आमने-सामने हुई। तब वर्चस्व दिखाने के होड़ में युवक एक-दूसरे के साथ झूमाझटकी करते हुए मारपीट करने लगे। देखते ही देखते एक पक्ष के युवक लाठी-डंडे से लैस होकर लात-घूंसों से दूसरे पक्ष के लड़कों की पिटाई करने लगे। बताया जा रहा फायर ग्रुप का भास्कर वर्मा अपने दोस्तों के साथ DJ रैली निकाला और बीच सड़क में रैली दूसरे ग्रुप से टकराई। युवकों ने अपना वर्चस्व दिखाने के लिए जानबूझकर झगड़ा शुरू कर दिया है और मारपीट कर दी। पुलिस की पेट्रोलिंग टीम पहुंची लेकिन पुलिसवालों के सामने भी दर्जन भर से अधिक लड़के लाठी-डंडे और लात-घूंसों से मारपीट करते रहे। पुलिस ने DJ की जब्ती बना मामले को जांच में लिया है। चकरभाठा टीआई भारती मरकाम ने बताया कि DJ रैली में विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। इस दौरान दोनों पक्षों की भीड़ को पुलिस ने तितर-बितर किया। दोनों पक्षों के युवकों की पहचान की है, जिसमें सुनील साहू, लल्ला पांडे, भास्कर वर्मा, राजा धुरी, कमलेश लुनिया, नितेश पांडे, नवीन महराज व उसके साथियों के साथ ही दूसरे पक्ष से गोलू विदेशी, शुभम पांडे, विक्रम सिंग,काव्य गढेवाल सहित अन्य शामिल थे। मामले में दोनों पक्षों ने शिकायत नहीं की है फिर भी पुलिस ने डीजे जब्त कर कोलाहल अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। युवकों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।