खेरधा में मंदिर हसौद के सुपरवाइज़र की हत्या मामले में दो गिरफ्तार, जामुल पुलिस ने सुलझाई गुत्थी
भिलाई नगर, 23 मई। कल जामुल थानांतर्गत खेरधा में सुपरवाइजर की हत्या के सभी आरोपी जामुल पुलिस के हत्थे चढ़ गए हैं। पुलिस ने इस मामले में रवि उर्फ मानसिंह टंडन (28 वर्ष) और पुनीत धृतलहरे (27 वर्ष) को हिरासत में लिया क्योंकि ये दोनों शनिवार को सुपरवाइज़र के साथ ही घूम रहे थे। पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है।
जामुल थाना प्रभारी ने बताया कि खेरधा गांव में कल सुबह अर्धनग्न हालत में एक युवक की लाश मिली। सूचना पर जामुल पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान मंदिर हसौद रायपुर निवासी मनोज मेहर के रूप में की गई। उसकी कलाई में मनोज मेहर नाम का टेटू बना हुआ था। शव की शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने जानकारी जुटाई तो पता चला कि मनोज को आखिरी बार रवि और पुनीत के साथ देखा गया था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सभी रायपुर स्थित श्याम कंपाउंड नाम की कंपनी में काम करते थे।
मनोज मेहर उन दोनों का सुपरवाइजर और सुपरवाइजरी का रौब दिखा नौकरी से निकालने की धमकी देता था इसलिए उन्होंने मनोज को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। गांव पहुंचने के बाद दोनों ने मनोज को शराब पार्टी के लिए गांव में बुलाया। शराब पीने के दौरान कंपनी की बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। इसके बाद दोनों ने मिलकर उसकी पिटाई कर दी जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपियों ने बताया कि मरने के बाद शव को जलाने का भी प्रयास उन्होंने किया लेकिन किसी के आने ही आहट हुई तो वे भाग गए थे।
