Durg में ई-कॉमर्स से प्रतिबंधित धारदार हथियार की डिलीवरी करने वाले 2 गिरफ्तार

Durg में ई-कॉमर्स से प्रतिबंधित धारदार हथियार की डिलीवरी करने वाले 2 गिरफ्तार


🔴 ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत की गई बड़ी कार्रवाई

दुर्ग, 16 फरवरी 2026। दुर्ग पुलिस ने “ऑपरेशन विश्वास” अभियान के तहत ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रतिबंधित धारदार हथियार की आपूर्ति करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई ग्राम पुरई में हुई मारपीट की घटना की विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर की गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्र ने बताया कि 20 जनवरी 2026 को थाना उतई क्षेत्र के ग्राम पुरई में आरोपी लावन्य उर्फ लवन यादव ने अपने साथियों के साथ मिलकर तोषण यादव एवं अन्य के साथ धारदार हथियार से मारपीट कर चोट पहुंचाई थी। इस संबंध में अपराध क्रमांक 32/2026 धारा 118(1), 296, 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस एवं धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि घटना में प्रयुक्त प्रतिबंधित धारदार हथियार को Meesho ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से ऑनलाइन ऑर्डर किया गया था। उक्त पार्सल को वाल्मो कोरियर एजेंसी, उतई द्वारा 03.01.2026 को संबंधित आरोपी को डिलीवर किया गया।

🔴 कोरियर एजेंसी की भूमिका संदिग्ध

पुलिस जांच में पाया गया कि कोरियर एजेंसी संचालक को प्रतिबंधित सामग्री होने की जानकारी के बावजूद पार्सल डिलीवर किया गया और ₹245 नगद प्राप्त किए गए। उक्त कृत्य आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(A) एवं 25(3) के अंतर्गत दंडनीय पाया गया।
इस मामले में कोरियर एजेंसी संचालक एवं डिलीवरी कर्मचारी को 16.02.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

🔴 गिरफ्तार आरोपी

रोशन सिंह राजपूत (31 वर्ष), निवासी बजरंग नगर, उतई, जिला दुर्ग
तामेश उर्फ तामेश्वर साहू (23 वर्ष), निवासी बजरंग नगर, उतई, जिला दुर्ग

🔴 जप्त सामग्री

कोरियर एजेंसी संचालन से संबंधित दस्तावेज
पार्सल डिलीवरी रजिस्टर एवं अन्य अभिलेख

🔴 घटना का कारण

ऑनलाइन माध्यम से प्रतिबंधित धारदार हथियार की उपलब्धता के कारण आपसी विवाद में उसका उपयोग कर मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया।

🔴 पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना उतई के निरीक्षक महेश कुमार ध्रुव, उप निरीक्षक प्रमोद सिन्हा, सहायक उप निरीक्षक राजेश सिंह, आरक्षक ध्रुवनारायण चन्द्राकर, राजीव दुबे, महेश यादव एवं दिलीप सिदार की सराहनीय भूमिका रही।

🔴 पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों एवं ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म संचालकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित या अवैध सामग्री का विक्रय अथवा डिलीवरी न करें। कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।