सीजी न्यूज ऑनलाइन, 18 जून 2026। धमतरी-रायपुर एनएच में स्थित मरौद टोल प्लाजा पर ट्रक ड्राइवर से मारपीट करने का मामला संज्ञान में आने पर धमतरी एसपी सूरज सिंह परिहार ने कुरूद थाना में पदस्थ आरक्षक पवन बर्मन को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर लाइन अटैच कर प्राथमिक जांच के आदेश जारी किया है।
कुरुद थानांतर्गत ग्राम पंचायत मरौद में स्थित टोल प्लाजा के पास किसी बात को लेकर बुधवार रात कुरूद में पदस्थ आरक्षक पवन बर्मन द्वारा एक ट्रक चालक के साथ अनुचित व्यवहार एवं मारपीट की गई। शिकायत के आधार पर थाना प्रभारी कुरूद द्वारा पुलिस अधीक्षक धमतरी को प्रतिवेदन प्रस्तुत कर इस घटना से अवगत कराया गया। साथ ही संबंधित आरक्षक के अपने ड्यूटी स्थल से भी अनुपस्थित पाये जाने की जानकारी दी गई थी।
उक्त कृत्य प्रथम दृष्टया पुलिस विभाग की गरिमा, अनुशासन एवं सेवा आचरण नियमों के विपरीत पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरक्षक पवन बर्मन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन रूद्री अटैच कर दिया है तथा पूरे प्रकरण की प्राथमिक जांच के आदेश जारी किए हैं। जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के उपरांत तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

