धमधा नाका फ्लाईओवर पर ट्रक ने कुचला महिला को, मौके पर मौत , आक्रोशित परिजनों ने किया जाम
दुर्ग 28 जनवरी । धमधा नाका फ्लाईओवर के पास आज सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने महिला को कुचल दिया । कैलाश नगर दुर्ग की रहने वाली महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक छोड़कर चालक फरार हो गया। इधर हादसे की सूचना के बाद मौके पर मृतक महिला के परिजन मौके पर पहुंचे और सड़क पर शव को उठाने नहीं दिया। ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजन व आसपास के लोग अड़े रहे। मौके पर पहुंची मोहन नगर पुलिस ने समझाइश देकर परिजनों का शांत कराया।

मोहन नगर पुलिस के मुताबिक धमधा नाका फ्लाईओवर पास आज दर्दनाक हादसा हो गया। घटना शुक्रवार सुबह 10 से 11 बजे के बीच की बताई जा रही है। कैलाश नगर दुर्ग निवासी महिला श्रीमती मालती बेसरा पति नोहरी बेसरा उम्र 39 वर्ष काम से निकली थी। इसी दौरान सूर्या होटल के पास टर्निंग पर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई। टक्कर से महिला सड़क गिर गई ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद ट्रक छोड़कर ट्रक चालक फरार हो गया।

सूचना मिलते ही मोहन नगर पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान यहां काफी जाम लग गया था। हादसे की सूचना कैलाश नगर में मृतका के परिजनों को भी दी गई। परिजन मौके पर पहुंचे शव उठाने से इंकार कर दिया। परिजनों ने आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार करने की मांग की। काफी देर तक यह चलता रहा। पुलिस ने समझाइश देकर परिजनों को वहां से हटाया और जाम खाली कराया। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पीएम के लिए जिला चिकित्सालय के भेजा।

