🔴सुरभि कलमकार सम्मान’ से सम्मानित हुए वरिष्ठ पत्रकार
भिलाईनगर, 06 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ग्राम नारधा स्थित नारधेश्वर गौधाम में वृक्षारोपण, गौसेवा एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, गौसंवर्धन एवं सामाजिक योगदान के क्षेत्र में कार्य कर रहे लोगों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11 बजे छत्तीसगढ़ गौसेवा आयोग के अध्यक्ष विशेश्वर पटेल एवं आयोग के पंजीयक समीर शर्मा के आगमन से हुआ। अतिथियों ने गौधाम में गौमाता की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती कर हरी भाजी खिलाई तथा गौसेवा का संदेश दिया। इसके बाद गौधाम परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया गया।

सायं 4 बजे आयोजित मुख्य समारोह में अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा अस्वस्थता के कारण उपस्थित नहीं हो सके। उनके स्थान पर विधायक प्रतिनिधि एवं नारधेश्वर गौधाम के संरक्षक सतीश साहू ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम में भिलाई के वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस अवसर पर पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले वरिष्ठ पत्रकारों को “सुरभि कलमकार सम्मान” से सम्मानित किया गया। वहीं समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण, गौसेवा, स्वास्थ्य एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों को भी विभिन्न श्रेणियों में सम्मान प्रदान किए गए।
भिलाई प्रेस क्लब के अध्यक्ष अनिल गुप्ता ने सम्मानित अतिथियों एवं चयनित प्रतिभागियों को सम्मान-पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से स्मृति चिन्ह के स्थान पर सभी सम्मानित व्यक्तियों को पौधे भेंट किए गए।
मुख्य अतिथि सतीश साहू ने अपने संबोधन में कहा कि वृक्षारोपण और गौसेवा दोनों ही प्रकृति तथा मानवता की सेवा के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का आयोजन नारधेश्वर गौधाम, ग्राम पंचायत नारधा एवं सर्वोदय मंदिर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, गौसेवक, सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समिति द्वारा कार्यक्रम में विशेष उपस्थिति दर्ज कराने वाले गौसेवा आयोग के अध्यक्ष विशेश्वर पटेल, पंजीयक समीर शर्मा, विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू, भिलाई प्रेस क्लब अध्यक्ष अनिल गुप्ता तथा वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र सनबोईर, अभय जवादे एवं संतोष मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आयोग अध्यक्ष विशेश्वर पटेल एवं विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू एवं वशिष्ठ अतिथि के रूप में पंजीयक समीर शर्मा, भिलाई प्रेस क्लब अध्यक्ष श
अनिल गुप्ता वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र सनबोईर, अभय जवादे एवं संतोष मिश्रा की विशेष उपस्थिति के लिए समिति द्वारा उनका आभार व्यक्त किया गया।

