भिलाई नगर, 09 अगस्त 2026। दुर्ग-रायपुर फोरलेन सड़क पर कुम्हारी थाना क्षेत्र के जंजगिरी के पास शनिवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान शिवा बारले पिता गोवर्धन बारले, निवासी ग्राम अटारी, नंदनंवन के पास, जिला रायपुर के रूप में हुई है। वह पेशे से पार्सल वाहन चालक था।

जानकारी के अनुसार घटना शनिवार सुबह करीब 5 बजे की है। शिवा रायपुर से पार्सल वाहन लेकर चरोदा पहुंचा था। वाहन खड़ा करने के बाद उसने अपने परिचित दोस्त से चाय पीकर आने की बात कही और उसकी पल्सर-150 मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 CT 9223 लेकर कुम्हारी की ओर निकल गया।
जंजगिरी के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार बाइक पर उसका नियंत्रण बिगड़ गया। बाइक मेन लेन और सर्विस लेन के बीच लगाए गए लोहे के डिवाइडर खंभे से जोरदार तरीके से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवा ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही कुम्हारी थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहगीरों की मदद से स्थिति संभाली और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भेजा गया।
कुम्हारी पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

