सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 26 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो पुलिस आरक्षकों की मौत हो गई। हथबंद थाना क्षेत्र के उडेला–पौसरी रोड पर ट्रेलर और बाइक की टक्कर में ट्रेलर का पिछला पहिया दोनों कॉन्स्टेबल के ऊपर चढ़ गया। एक आरक्षक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
ड्यूटी पर जा रहे थे दोनों आरक्षक
जानकारी के मुताबिक कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र यादव (क्रमांक 377) और कॉन्स्टेबल प्रशांतधर दीवान (क्रमांक 809) बुधवार सुबह करीब 11 बजे ड्यूटी के सिलसिले में एक ही बाइक से बलौदाबाजार की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने अचानक टर्न लिया, जिससे बाइक उसकी चपेट में आ गई। टक्कर के बाद दोनों आरक्षक ट्रेलर के पिछले पहिए के नीचे आ गए। ट्रेलर उन्हें कुचलते हुए आगे बढ़ गया। हादसे में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

एक की मौके पर मौत, दूसरे ने रास्ते में तोड़ा दम
हादसे में धर्मेंद्र यादव (35 वर्ष), निवासी ग्राम परसबोड़, जिला बेमेतरा और साइबर सेल में पदस्थ, की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं प्रशांतधर दीवान (35 वर्ष), निवासी नवागढ़, जिला बेमेतरा एवं हथबंद थाने में पदस्थ, गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया, लेकिन धरसींवा के पास एंबुलेंस में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार
पुलिस ने ट्रेलर चालक कुंजबिहारी को गिरफ्तार कर लिया है तथा ट्रेलर को जब्त कर लिया गया है। मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ या इसके पीछे अन्य कोई कारण है।
डीएसपी ने दी जानकारी
प्रेम लाल साहू (डीएसपी) ने बताया कि दोनों आरक्षक ड्यूटी पर जांच से जुड़े कार्य के लिए जा रहे थे। पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। इस हृदयविदारक घटना से पुलिस विभाग और क्षेत्र में शोक की लहर है।

