भिलाईनगर, 17 मई 2026। भिलाई-03 स्थित मजार में 17 से 20 मई 2026 तक आयोजित होने वाले उर्सपाक कार्यक्रम को लेकर दुर्ग यातायात पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए रात्रिकालीन भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाया गया है।
यातायात पुलिस के अनुसार आयोजन अवधि के दौरान रात में डबरापारा से सिरसागेट चौक तक दोनों ओर से भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। सिरसा गेट चौक से आने वाले भारी वाहनों को उमदा मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा, जबकि डबरापारा की ओर से आने वाले भारी वाहनों को हथखोज मार्ग से भेजा जाएगा।
पार्किंग की विशेष व्यवस्था
उर्सपाक में आने वाले श्रद्धालुओं और आम नागरिकों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
भिलाई एवं पावर हाउस की ओर से आने वाले वाहनों के लिए बिजली ऑफिस एवं दशहरा मैदान में पार्किंग व्यवस्था की गई है।
वहीं सिरसा गेट चौक एवं कुम्हारी की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भिलाई-03 रेलवे स्टेशन पार्किंग एवं राम मंदिर परिसर में पार्किंग उपलब्ध रहेगी।
अतिरिक्त पुलिस बल रहेगा तैनात
आयोजन के दौरान प्रमुख चौक-चौराहों और मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, आयोजन स्थल के आसपास अनावश्यक पार्किंग न करें तथा ड्यूटी में तैनात पुलिस जवानों के निर्देशों का पालन कर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

