🔴शिकायत के एक माह बाद भी SDM ने नहीं की कार्यवाही
दुर्ग, 27 फरवरी 2026। दुर्ग जिले के पाटन क्षेत्र से चिंताजनक खबर सामने आई है। कौही स्थित स्कूल के पास संचालित ईंट भट्ठे से निकल रहे दूषित धुएं के कारण छठवीं कक्षा के करीब 20 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। बच्चों को सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और उल्टी जैसी शिकायतें होने लगीं, जिससे स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया।
नाराज पालकों ने जड़ा ताला
घटना की जानकारी मिलते ही अभिभावक स्कूल पहुंचे और प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए स्कूल में ताला जड़ दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि भट्ठे से निकलने वाला जहरीला धुआं लंबे समय से बच्चों के स्वास्थ्य पर असर डाल रहा है, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

बीईओ पहुंचे मौके पर
मामले की गंभीरता को देखते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बच्चों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। एहतियात के तौर पर प्रशासन द्वारा अस्थायी रूप से कक्षाएं समरसता भवन में संचालित करने की तैयारी की जा रही है।
नोटिस के बावजूद नहीं बंद हुआ भट्ठा
ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित ईंट भट्ठा संचालक को पहले भी नोटिस जारी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद संचालन जारी है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन पर सुस्त रवैया अपनाने का आरोप लगाया है।
प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों और पालकों ने ईंट भट्ठे को तत्काल बंद करने तथा बच्चों की सेहत की नियमित जांच कराने की मांग की है।
एसडीएम ने अभी तक नहीं की कार्रवाई कलेक्टर से करेंगे शिकायत- जिला शिक्षा अधिकारी
शास.प्राथ.शाला कौही एवं शास पूर्व मा शाला कौही के स्कूल परिसर के समीप संचालित ईट भट्ठों की शिकायत प्राप्त हुआ। जिसकी जाच की गई। शिकायत सही पाया गया। ईट भट्ठा के संचालन से उत्पन्न प्रदूषण से बच्चों के स्वास्थ्य पर (शारीरिक एवं मानसिक) प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। पिछले सत्र 2024-25 में बच्चों व शिक्षको के आँखो मे जलन तथा स्वास लेने में परेशानी की समस्या आई थी। वर्तमान सत्र 2025-26 में भी यही समस्या है जिसके निराकरण हेतु ग्राम सभा शाला विकास समिति ग्राम पंचायत प्रतिनिधि के संयुक्त बैठक में ईंट भट्ठों पर प्रतिबंध लगाया गया था। परतु ईंट भट्ठों का संचालन आज पर्यंत जारी है। जिसके कारण एसडीएम पाटन को 22 जनवरी 2026 को बीईओ पाटन के द्वारा पत्र भेजा गया परंतु एसडीएम की ओर से अभी तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है।
इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद सिंह ने कहा कि इस बार सीधे कलेक्टर दुर्ग को वस्तु स्थिति से अवगत कराते हुए शिकायती पत्र लिखा जाएगा ताकि ईट भट्ठा के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जा सके। उन्होंने कहा कि शासन के द्वारा स्कूल को संचालित किया जा रहा है ऐसी स्थिति में स्कूल यथा स्थिति में रहेगा और ईंट भट्ठे को ही हटाना होगा।

