भिलाई नगर, 28 मई। दुनिया भर में मई के महीने में विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस मनाया जाता है। ‘मेन्सट्रुअल हाइजीन डे’ माहवारी के दौरान महिलाओं को साफ सफाई के प्रति जागरूक करने के लिए सेलिब्रेट किया जाता है।
इस दौरान महिलाएं 4-5 दिन असहनीय पीड़ा का सामना करती हैं। इस पीड़ा से एक उम्र के बाद हर एक महिला को गुजरना पड़ता है। इस मंथली साइकल के दौरान महिलाओं को खास देखभाल और सफाई रखने की जरूरत होती है। सफाई न रखने की वजह कई प्रकार के इंफेक्शन और बीमारियों का सामना करना पड़ता है। भिलाई दुर्ग में आज अनुभूति श्री फाउंडेशन द्वारा वैश्विक माहवारी दिवस के अवसर पर दुर्ग भिलाई स्टेशन पहुंच ट्रेन में महिलाओं को इको फ्रेंडली पैड वितरण किया गया।

गौरतलब हो कि माहवारी के दौरान होने वाली समस्या, बीमारियों और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना ही इस विशेष दिवस का मकसद होता है। हर साल 28 मई को पूरे देश में विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस मनाया जाता है। अनुभूति श्री फाउंडेशन की अध्यक्ष डिंपल कौर ने बताया कि विगत 7 वर्षों से उनकी टीम इस विषय पर कार्य करते आ रही है और अब तक फाउंडेशन लगभग 7 लाख इको फ्रेंडली पैड का निःशुल्क वितरण कर चुकी है। फाउंडेशन इस दिवस को एक “महोत्सव” के रूप में मनाते आ रही है। इसी संदर्भ में आज फाउंडेशन ने दुर्ग रेलवे स्टेशन पर एक कार्यशाला आरंभ की और संस्था के सदस्यों द्वारा रेलवे स्टेशन पर उपस्थित महिलाओं को माहवारी से संबंधित समस्याओं के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान इको फ्रेंडली सेनेटरी नैपकिन नि:शुल्क बांटे गए। संस्था के सदस्यों ने दुर्ग रायपुर लोकल ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों के बीच भी इस संबंध में चर्चा की एवं नि:शुल्क सैनेटरी पैड वितरित किया। अनुभूति श्री फाउंडेशन ने भिलाई, पावर हाउस के बाद रायपुर रेलवे स्टेशन पर उतर कर भी एक माहवारी से संबंधित कार्यशाला का आयोजन कर जागरूकता के साथ-साथ उपस्थित महिलाओं को नि:शुल्क सेनेटरी पैड वितरित किया। संस्था के सदस्यों द्वारा रायपुर से दुर्ग की लोकल ट्रेन में भी वापसी करते समय इसी प्रकार का आयोजन किया गया। आज के इस कार्यक्रम में फाउंडेशन द्वारा लगभग 7 हज़ार नग इको फ्रेंडली पैड का वितरण निःशुल्क किया गया। आयोजन में पुरुषों द्वारा भी पैड बिना झिझक स्वीकार किया गया और उन्होंने अनुभूति श्री फाउंडेशन के इस प्रयास को सराहा भी।

विदित हो कि यह संस्था हर वर्ष वैश्विक माहवारी दिवस के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में अलग-अलग प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करती रही है, जिससे समाज के हर वर्ग को इसकी उपयोगिता की जानकारी मिल सके। आज के इस कार्यक्रम में दुर्ग, भिलाई, एवं रायपुर के सदस्यों ने मुख्य रूप से उपस्थित हो कर अपनी सहभागिता निभाई। आयोजन में डिम्पल कौर के साथ कृष्णा हालदार, निकिता कौर, गंगोत्री सेन, गगन गोयल, करनजीत कौर, विजया शुक्ला, मौली शुक्ला, माया कौर, राजेश शर्मा, संजय शर्मा, बलविंदर सिंह, संजीव दुबे, अजय शर्मा एवं परमिंदर सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


