भिलाई नगर 14 अक्टूबर । शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उतई में प्राचार्य के स्थानांतरण से नाराज कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के 400 से 500 की संख्या में स्कूली छात्र छात्राओं ने स्कूल परिसर के तीनों ही मेन गेट में ताला जड़ दिया है। प्रिंसिपल के किए गए स्थानांतरण को रद्द करने की मांग को लेकर धरना दिया जा रहा है । छात्र-छात्राओं ने स्पष्ट किया है कि जब तक प्राचार्य का स्थानांतरण रद्द नहीं किया जाता तब तक उनकी हड़ताल जारी रहेगी। हालांकि इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी अभय जयसवाल ने स्पष्ट किया है कि ट्रांसफर एक प्रक्रिया है। जिसके तहत शासन के द्वारा प्राचार्य का ट्रांसफर किया गया है। छात्र-छात्राओं की मांग को शासन तक पहुंचा दिया जाएगा ।

छात्र-छात्राओं ने बताया कि प्राचार्य दीपक सिंह 2009 से हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य हैं। प्राचार्य दीपक सिंह का छात्र-छात्राओं के प्रति जिस प्रकार से समर्पण हैं उनके तुलनात्मक दूसरा कोई भी शिक्षक बराबरी नहीं कर सकता है। उनके द्वारा स्कूल के प्रत्येक छात्र छात्राओं के अध्यापन कार्य पर विशेष रुप से ध्यान दिया जाता है।

प्राचार्य का नगर पंचायत प्रतिनिधियों से हुआ था विवाद
छात्र-छात्राओं ने आरोप लगाया कि 2 माह पूर्व नगर पंचायत उतई के प्रतिनिधियों के साथ उनका विवाद हुआ था और इस विवाद का ही परिणाम है कि आज प्राचार्य का स्थानांतरण हुआ है । इन छात्र-छात्राओं के द्वारा प्राचार्य का ट्रांसफर रोकने के लिए स्थानीय विधायक एवं गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू एवं जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन देकर मांग की गई है। छात्र छात्राओं ने प्राचार्य के स्थानांतरण को रोकने के लिए हड़ताल प्रारंभ करने के पूर्व ही जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन देकर सूचित कर दिया गया था परंतु उनकी इस मांग पर ध्यान नहीं दिया जाने के कारण आज छात्र वर्ग के द्वारा यह कदम उठाया गया है ।
स्कूल के तीन मुख्य द्वार पर लगाया गया ताला
छात्र छात्राओं के द्वारा अपनी इस मांग को लेकर के दोपहर 12:00 बजे से हड़ताल प्रारंभ की गई है हड़ताल के पूर्व स्कूल के तीन मुख्य द्वार पर पत्र छात्राओं के द्वारा ताला लगाया गया इस दौरान स्कूल में अध्यापन कार्य के लिए उपस्थित हुए अन्य शिक्षक शिक्षिकाओं को भी अंदर आने दिया गया। छात्र-छात्राओं ने बताया कि किसी भी शिक्षक शिक्षिका को उनके द्वारा कैद नहीं किया गया है वह शिक्षा से ही स्कूल के अंदर बैठे हैं।

प्राचार्य के स्थानांतरण पर रोक लगने तक जारी रहेगा आंदोलन
छात्र-छात्राओं ने स्पष्ट किया है कि उनका यह आंदोलन प्राचार्य दीपक सिंह के किए गए स्थानांतरण आदेश पर रोक लगाने तक जारी रहेगा उनकी मांग है कि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उतई के वे ही प्राचार्य रहेंगे। उतई हाई स्कूल में कक्षा 9वीं से लेकर 12वीं तक के सभी छात्र छात्राएं इस आंदोलन में शामिल है।
शासकीय आदेश के तहत प्राचार्य का हुआ स्थानांतरण
जिला शिक्षा अधिकारी अभय जयसवाल ने इस संबंध में सीजी न्यूज़ ऑनलाइन को बताया कि प्राचार्य दीपक सिंह का स्थानांतरण शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल उतई से बालोद में हुआ है। उनका स्थानांतरण सामान्य प्रक्रिया के तहत हुआ है। छात्र-छात्राओं की मांग को शासन तक पहुंचा दिया जाएगा।

