दुर्ग जिले में होली पर कड़ी सुरक्षा : SSP व IG ने खुद संभाली कमान

दुर्ग जिले में होली पर कड़ी सुरक्षा : SSP व IG ने खुद संभाली कमान


🔴संवेदनशील इलाकों में मोटरसाइकिल से की पेट्रोलिंग

दुर्ग, 03 मार्च 2026। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए दुर्ग जिले में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस महानिरीक्षक रेंज दुर्ग ने स्वयं मैदान में उतरकर संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया और ड्यूटी में तैनात बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सुपेला एवं भिलाई नगर थाना क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों का मोटरसाइकिल से पेट्रोलिंग कर जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता बरतने, नियमित गश्त करने तथा किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वहीं पुलिस महानिरीक्षक, रेंज दुर्ग ने भिलाई एवं छावनी सब डिवीजन का भ्रमण कर होली ड्यूटी में तैनात पुलिस बल की समीक्षा की। उन्होंने प्वाइंट ड्यूटी, पेट्रोलिंग टीमों एवं नियंत्रण व्यवस्था का निरीक्षण कर कानून व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए।
जिले के संवेदनशील क्षेत्रों, पूर्व में अपराध प्रभावित स्थानों एवं अड्डेबाजी वाले इलाकों की पूर्व मैपिंग कर सतत निगरानी रखी जा रही है। ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी प्रमुख स्थानों पर नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।


होली के दौरान लगभग 900 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। महिला एवं बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष महिला पेट्रोलिंग टीमों की तैनाती की गई है। त्वरित प्रतिक्रिया के लिए “बाज़” विशेष क्विक रिस्पांस टीम को रणनीतिक स्थानों पर तैनात किया गया है। आवश्यकता अनुसार कार्यालयीन स्टाफ को भी फील्ड ड्यूटी में लगाया गया है।


दुर्ग पुलिस की अपील:


दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि होली पर्व शांति एवं सौहार्द के साथ मनाएं, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस नियंत्रण कक्ष या नजदीकी थाना को दें। कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।