हसदेव में तीन युवकों के डूबने की आशंका, कपड़े और मोबाइल नदी किनारे मिले

हसदेव में तीन युवकों के डूबने की आशंका, कपड़े और मोबाइल नदी किनारे मिले


🛑 पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शुरू किया तलाशी अभियान

सीजी न्यूज ऑनलाइन 5 फरवरी । छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में हसदेव नदी में नहाने गए तीन युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। आशंका है कि वे नदी में डूब गए हैं। नदी किनारे उनके चप्पल-जूते, कपड़े, मोबाइल और बाइक मिली है। यह घटना दर्री थाना क्षेत्र की है, जहां नदी की गहराई करीब 15-20 फीट बताई जा रही है।

लापता युवकों में आशुतोष सोनकर (18), बजरंग प्रसाद (19) और सागर चौधरी (26) हैं। इनमें से आशुतोष और बजरंग, सीएसईबी कर्मियों के पुत्र हैं। तीनों मंगलवार को नदी पर गए थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। खोजबीन के दौरान उनके कपड़े और अन्य सामान नदी किनारे मिले, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया, लेकिन मंगलवार शाम तक कोई सुराग नहीं मिला। अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू रोक दिया गया था, जिसे बुधवार सुबह फिर से शुरू किया गया है।

जिस स्थान से तीनों युवक लापता हुए, वहां नदी की जिस स्थान से तीनों युवक लापता हुए, वहां नदी की गहराई 15-20 फीट है और जलकुंभी भी बड़ी मात्रा में फैली हुई है। आशंका है कि तीनों जलकुंभी में फंस गए होंगे या फिर एक को बचाने के प्रयास में तीनों डूब गए होंगे।

दर्री पुलिस ने बताया कि लापता होने से पहले तीनों दोस्तों ने सोशल मीडिया पर अपनी एक तस्वीर साझा की थी। पुलिस ने आशंका जताई है कि तीनों नदी में बह गए हैं। हालांकि, जब तक तलाशी अभियान पूरा नहीं होता, कुछ भी स्पष्ट कहना मुश्किल है।