शिवनाथ नदी के बाढ़ में डूबे तीन गांव, खतरे के निशान से 3 मीटर ऊपर से बह रहा पानी, 5 जलाशयों से छोड़ा जा रहा 33200 क्यूसेक पानी, दुर्ग अंजोरा मार्ग बंद, पुलिस ने बायपास रोड का उपयोग करने की अपील
दुर्ग 16 अगस्त। शिवनाथ नदी खतरे के निशान से 3 मीटर ऊपर बह रही है। नदी किनारे दुर्ग तहसील के 3 गांव के घरों में आज सुबह से ही पानी घुस गया है। एसडीआरएफ की टीम तीनों ही प्रभावित गांव में पहुंचकर राहत कार्य कर रही है। दुर्ग अंजोरा मार्ग के ऊपर से शिवनाथ नदी का पानी बहने के कारण इस मार्ग को भी बंद कर दिया गया है।
दुर्ग तहसील के 3 गांव में घुसा बाढ़ का पानी

जिला बाढ़ नियंत्रण प्रभारी योगिता देवांगन ने बताया कि शिवनाथ नदी में मोगरा घुमरिया सूखा नाला तांदुला एवं खरखारा डैम से पानी छोड़े जाने के बाद नदी किनारे बसे दुर्ग तहसील के 3 गांव भोथली, रुदा एवं खाड़ा गांव में शिवनाथ नदी का पानी घुस गया है। राहत एवं बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ की टीम पहुंच गई है।
ग्राम अरसनरा धमधा से तीन लोगो का एसडीआरएफ दुर्ग द्वारा सफलता पूर्वक रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पंहुचा दिया गया है।

5 जलाशयों से शिवनाथ नदी में आ रहा 33200 क्यूसेक पानी
जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री सुरेश पांडे ने बताया कि शिवनाथ नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 3 मीटर ऊपर बह रहा है। महमरा एनीकट से साढे 15 फीट ऊपर से पानी बह रहा है। जलस्तर बढ़ जाने के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। मोगरा, घुमरिया एवं सूखा नाला जलाशयों से आज भी 12200 क्यूसेक तांदुला जलाशय से 12000 क्यूसेक एवं खरखारा जलाशय से 9000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इस प्रकार से 5 जलाशयों से शिवनाथ नदी में लगातार 33200 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

दुर्ग अंजोरा मार्ग से आवागमन बंद
एसडीएम दुर्ग मुकेश रावटे ने बताया कि दुर्ग अंजोरा मार्ग पर बना छोटा पुल शिवनाथ नदी में आई बाढ़ के कारण डूब चुका है । हालांकि ओवरब्रिज तक पानी नहीं पहुंचा है। परंतु ओवरब्रिज उतरते ही अंजोरा एवं जालबांधा ग्राम के मध्य सड़क के ऊपर से तेज गति से शिवनाथ नदी का पानी बढ़ रहा है। पानी का बहाव बहुत तेज होने के कारण इस मार्ग को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि इस मार्ग का प्रयोग किसी भी स्थिति में कोई भी व्यक्ति ना करें। एसडीएम दुर्ग में बताया कि ग्राम अलबरस से भी एक नवजात शिशु सहित 25 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान में पहुंचाया गया है।

पुष्प वाटिका , महमरा एप्रोच रोड डूबा
जल संसाधन विभाग के एसडीओ देवास शुक्ला ने बताया कि महमरा एनीकट से साड़े 15 फीट ऊपर ऊपर पानी भर रहा है जबकि शिवनाथ नदी खतरे के निशान से 3 मीटर ऊपर बह रही है। महमरा गांव के कुछ हिस्से में भी बाढ़ का पानी घुस गया है जबकि दुर्ग की ओर नदी किनारे बनी पुष्प वाटिका एवं श्मशान घाट बाढ़ के पानी में डूब चुका है। दुर्ग की ओर से महमरा एनीकट जाने वाला मार्ग भी डूब चुका है। पानी भर जाने के कारण महमरा एनीकट एप्रोच रोड थी बंद हो चुका है।
यातायात पुलिस ने राजनांदगांव जाने के लिए बायपास मार्ग का उपयोग करने की अपील
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात विश्वास चंद्राकर ने बताया कि शिवनाथ नदी जल स्तर बढ़ जाने के कारण पुलगांव से अँजोरा मार्ग पर यातायात बंद कर दिया गया है। जनता से अपील है कि इस मार्ग पर आवागमन न करें ।अगर किसी को राजनांदगाँव की ओर जाना है, वे वैकल्पिक बायपास मार्ग का इस्तेमाल करें। इस मार्ग में बाढ़ के कारण जल काफ़ी तेज़ी से बह रहा है और इसमें किसी को भी फिसलकर पानी में बह जाने की संभावना है। ज्ञात हो कि कुछ दिनो पूर्व में शिवनाथ नदी में डूब कर तीन लोगों की मौत हुई है और साथ ही कुछ लोगों ने आत्म हत्या भी कर ली थी। अतः ऐसी परिस्थिति में पुलिस के द्वारा नदी की ओर किसी को भी जाने नहीं दिया जा रहा है । अगर कोई ज़बरदस्ती जाने की कोशिश करेगा तो उसे सख्ती से रोका जा रहा है साथ ही समझाइश भी दी जा रही है और नहीं मानने पर पुलिस के द्वारा बल प्रयोग कर आमजन की जानमाल बचाने प्रयास किया जा रहा है। आसपास के ग्रामीण बच्चे तेज़ी से बहते हुए धार में नहा रहे थे जिन्हें समझाने का प्रयास किया गया, नही मानने पर डाँटफटकार कर भगाया गया है।

