भिलाई नगर, 6 जून। दुर्ग जिले की क्राइम टीम ने जामुल थाना क्षेत्र से आज सुबह एक क्विंटल गांजा के साथ 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन गाड़ियों को जब्त किया है, जिसमें दो गाड़ियां एक ही नंबर की हैं। इस मामले का मुख्य आरोपी इतना शातिर है कि वो एक ही नंबर से दो पिकअप गाड़ियां लेकर गांजे की तस्करी करता रहा है। पुलिस ने इनके पास से जो दो पिकअप जब्त किया है, उन दोनों का नंबर सीजी 07 सीजेड 8751 है।
आपको बता दें कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक कई सालों से गांजा बेचने का काम करता है। उसके पास गांजे की बड़ी खेप आई है और वो लोग उसे अलग-अलग गाड़ियों में रखकर खपाने जा रहे हैं। क्राइम टीम ने आज सुबह छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद उनके कब्जे से एक कार और दो पिकअप वाहन जब्त किया है। इन तीनों गाड़ियों में गांजा भरकर ले जाया जा रहा था। पूछताछ में पहले तो आरोपियों ने गोलमोल जवाब दिया, लेकिन जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वो ओडिशा से गांजा लाकर जिला और आसपास के क्षेत्रों में उसकी सप्लाई करता है।
जामुल थाना में आरोपियों के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी केशव कोसले ने बताया कि आरोपी दो गाड़ियों में एक ही नंबर, दोनों गाड़ियों को एक तरह की बनाकर रखे थे जिससे अगर पुलिस गाड़ी को कहीं पकड़े तो वो उसे दूसरी जगह होना दिखाकर बच सकें।
भिलाई में एक ही नंबर की दो पिकअप सहित तीन गाड़ियां जब्त 🛑 एक क्विंटल गांजा लोड कर ट्रांसपोर्टिंग करने वाले तीन आरोपी भी पुलिस गिरफ्त में

