भिलाई नगर 15 सितंबर । पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के अंतर्गत फोरलेन रोड पर बीती रात करीब 9:30 बजे के करीब जीआरपी थाना चरोदा के ठीक पहले हाईवा से टकराने के कारण बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई । जबकि दो अन्य घायलों को जिला अस्पताल में इलाज के लिए दाखिल कराया गया है। पुरानी भिलाई पुलिस द्वारा हाईवा को थाने में खड़ा कर दिया गया है।
पुरानी भिलाई थाना प्रभारी महेश ध्रुव ने बताया कि एक ही बाइक में ग्राम उरला सिलतरा रायपुर के तीन युवक भिलाई आ रहे थे। नेशनल हाईवे रोड 53 पर चरोदा के पास हाईवा से टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्ती थीं कि उसमें देवा साहू पिता शत्रुघन साहू (21 साल) निवासी वीरगांव उरला रायपुर की मौके पर मौत हो गई। वहीं बाइक में पीछे बैठे उसके दोस्त उरला निवासी दीपक पटेल पिता बालेश्वर पटेल (22 साल) और उमेश कुमार साहू पिता रही साहू (21 साल) बुरी तरह घायल हो गए।
सूचना मिलते ही हाइवे पेट्रोलिंग और पुरानी भिलाई पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों को शासकीय लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला पहुंचाया। वहां देवा साहू को मृत घोषित कर दिया गया और उसके दोस्तों को प्राथमिक उपचार के बाद दुर्ग जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस के मुताबिक दुर्घटना का कारण ट्रैफिक नियमों का पालन ना करना है। पहले तो तीन लड़के एक ही बाइक में बैठकर भिलाई जा रहे थे। गणेश पूजा उत्सव के दौरान अधिक भीड़ भाड़ होने के बाद भी बाइक चला रहा देवा साहू चलती बाइक में फोन से बात कर रहा था। फिलहाल पुरानी भिलाई पुलिस के द्वारा हाईवे को जप्त कर थाने में खड़ा कर दिया गया है। इस दुर्घटना में संबंध के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

